नवरात्र-ईद एक साथ पड़ने से पुलिस के लिए चुनौती: ड्रोन से निगरानी, प्रदेश के सभी जिलों में लागू होगी सेक्टर स्कीम
लखनऊ, अमृत विचार: होली और रमजान एक साथ पड़ने के बाद अब नवरात्र और ईद-उल-फितर का पर्व भी एक साथ पड़ रहे हैं। इसे लेकर जहां पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। प्रदेश भर में में सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के साथ ही सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है, वहीं ड्रोन से निगरानी करने के आदेश दिए गए हैं।
गुरुवार से हिन्दुओं के लिए विशेष आस्था के पर्व चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। उधर, चांद दिखाई देने के हिसाब से ईद उल फितर का पर्व 20 या 21 मार्च को हो सकता है। दोनों ही समुदायों का अहम पर्व है तो पुलिस खासी चौकन्नी हैं। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, इसे लेकर डीजीपी राजीव कृष्ण की ओर से प्रदेश भर की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
खास कर प्रदेश के ऐसे जिले, जहां पर मिली-जुली आबादी है और अति संवेदनशील जिले हैं, वहां पर फोर्स और खुफिया टीमों को अतिरिक्त सुरक्षा बरतने की हिदायत दी गई है। धार्मिक स्थलों पर फोर्स तैनात रहे, वहीं संदिग्ध लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जाए।
पुलिस द्वारा प्रदेश के अति संवेदनशील जिले लखनऊ, बहराइच, आजमगढ़, कानपुर, बरेली, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, सहारनपुर, शामली समेत 26 जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। इन जिलों में पैरा मिलिट्री की कंपनियों को भी उतारा गया है।
साथ ही ड्रोन निगरानी करने को कहा है। आला अफसरों ने साफ कहा कि किसी भी नई परिपाटी को शुरू नहीं करने दिया जाए। जिन लोगों को अतीत में पर्व के मौकों पर उत्तेजनापूर्ण रवैया रहा है, उन पर कड़ी नजर रखी जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को भारी धनराशि पाबंद भी किया जाए।
ये भी पढ़ें :
यूपी में नवरात्री के अवसर पर मिशन शक्ति महाअभियान : छठे चरण में महिलाओं के सम्मान-सशक्तिकरण को एक जन-आंदोलन में बदलना
