सीसीटीवी में दिखी घटना: एक झटका और पल भर में नाले के अंदर समा गया युवक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरे युवक की तलाश करीब 14 घंटे बीत जाने के बावजूद पूरी नहीं हो सकी। युवक के गड्ढे में गिरने के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। मगर सीसीटीवी सामने आने के बाद युवक को नाले में गिरते साफ देखा जा सकता है।

जो सीसीटीवी मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे का है। 26 सेकेंड के इस सीसीटीवी फुटेज में नाले की बाउंड्री पर बैठा युवक ऊंघता दिखा। अचानक युवक को झटका लगा और पल भर के अंदर नाले में जा गिरा। माना जा रहा है कि युवक नशे की हालत में रहा होगा। लिहाजा कब उसे झटका लगा और नाले में जा गिरा उसे पता ही नहीं चला। 

सीसीटीवी देखने के बाद पुलिस भी इसी नतीजे पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक फुटेज में युवक के हाव-भाव देखकर लगता है कि वह नशे की हालत में था और अंधेरे की वजह से नाले के खुले हिस्से को देख नहीं पाया। इसी गफलत के दौरान वह सीधे गहरे पानी और गाद में समा गया। सूचना के बाद से ही थाना बारादरी पुलिस और रेस्क्यू टीमें सक्रिय है लेकिन पानी का बहाव और गंदगी तलाश में बड़ी बाधा बनी रही।

मशीनों से निकाला जा रहा पानी
रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। दूसरे दिन सुबह से ही नगर आयुक्त की मौजूदगी में नगर निगम की बड़ी सक्शन मशीनों और पंपों के जरिए नाले का पानी निकाला जा रहा है। हालांकि समय बीतने के साथ उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के लिए उसके परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है।

शासन तक पहुंची गूंज
इस घटना ने शहर के नालों की सुरक्षा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस अड्डे जैसे सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थान पर नाला खुला होना प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है। मामला शासन तक पहुंचने के बाद लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन से पूरी रिपोर्ट तलब की है। नाले में गिरे युवक की तलाश के लिए सर्च रेडियस को बढ़ा दिया गया है और निचले इलाकों में भी जाल बिछाए गए हैं। फिलहाल, पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर डटा हुआ है और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहने की संभावना है।

संबंधित समाचार