अयोध्या प्रीमियर लीग : गोमती थंडर-सरयू स्मैशर्स टीमों ने जीता मैच, घनश्याम-विपिन ने खेली शतकीय पारी
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 के लीग मुकाबलों में पूल में सर्वाधिक अंक हासिल कर सरयू स्मैशर्स, हिंडन टाइटन व गंगा वॉरियर्स टीमों ने अंतिम चार में स्थान पक्का कर लिया। डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए लीग मुकाबलों में घनश्याम की शतकीय पारी से गोमती थंडर व विपिन की शतकीय पारी से सरयू स्मैशर्स टीमों ने जीत दर्ज कर पूर्ण अंक प्राप्त किये। सरयू स्मैशर्स टीम के ओनर राम सिंह ने घनश्याम व विपिन को मैन-ऑफ-द-मैच के रूप में पुरस्कृत किया।
पहला मुकाबला बेतवा ब्लास्टर्स व गोमती थंडर टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेतवा टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 193 रन बनाये। इसमें विशाल ने 57, विनय 36, जतिन 25 रनों का योगदान दिया। गोमती टीम के धनंजय, शशांक, निखिल ने दो-दो, कृष्णा व विनय ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए गोमती टीम ने घनश्याम उपाध्याय की बेहतरीन नौ छक्के व 12 चौके की मदद से बने 131 रनों की बदौलत एक गेंद शेष रहते पांच विकेट से मैच जीत कर पूर्ण अंक प्राप्त किया। अनुराग व जतिन ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे मुकाबले में सरयू स्मैशर्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए। विपिन ने आठ छक्के व सात चौकों की मदद से 106 रनों की शतकीय पारी खेली। अभिराज ने पांच छक्के व तीन चौके की मदद से 67 रनों का योगदान दिया।
राघवेन्द्र व बादल ने दो-दो, युवराज ने एक विकेट लिया। जवाब में जीत के लिए 233 रनों का जीत का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी गंगा वॉरियर्स टीम सात विकेट पर 136 रन ही बना सकी। चित्रांश 32, शिवम 24, अभिषेक 21 ने 17 रनों का सहयोग दिया। सरयू टीम के दिव्य प्रकाश ने तीन, विपिन ने दो, जावेद व अभिराज ने एक-एक विकेट लिया। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव उमेर अहमद, संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद, ऑफीसियल व खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
