Bareilly: सैटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरे युवक का दूसरे दिन भी सुराग नहीं, शासन तक पहुंची गूंज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली,  अमृत विचार। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक, सैटेलाइट बस अड्डे के पास गहरे नाले में गिरे युवक का रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन भी बिना किसी सफलता के जारी रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए अब यह मामला शासन तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन और नगर निगम में हड़कंप मचा हुआ है। 

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने की सूचना के बाद, मौके पर नगर आयुक्त से लेकर अतिक्रमण प्रभारी और पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। घंटों की मशक्कत और नाले की सफाई के बावजूद युवक का कहीं कोई पता नहीं चल सका है। 

भारी अमला तैनात, पानी निकालने के लिए मशीनों का सहारा
रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। दूसरे दिन सुबह से ही नगर आयुक्त की मौजूदगी में नगर निगम की बड़ी सक्शन मशीनों और पंपों के जरिए नाले का पानी निकाला जा रहा है। हालांकि समय बीतने के साथ उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के लिए उसके परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है।

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, शासन ने मांगी रिपोर्ट
इस घटना ने शहर के नालों की सुरक्षा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस अड्डे जैसे सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थान पर नाला खुला होना प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है। मामला शासन तक पहुंचने के बाद लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन से पूरी रिपोर्ट तलब की है। नाले में गिरे युवक की तलाश के लिए सर्च रेडियस को बढ़ा दिया गया है और निचले इलाकों में भी जाल बिछाए गए हैं। फिलहाल, पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर डटा हुआ है और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहने की संभावना है।

संबंधित समाचार