Bareilly: श्यामंगज चौराहे पर ''मुश्किलों का ढेर''...लोग धूल फांकने को हुए मजबूर
बरेली, अमृत विचार। श्यामगंज चौराहे पर सीवर लाइन जोड़ने का कार्य तीन दिन पहले ही कागजों में पूरा हो चुका है, लेकिन मलबे और मिट्टी के ढेर राह में मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। धूल और आए दिन लगने वाला जाम वाहन चालकों और राहगीरों को परेशान कर रहा है।
दरअसल, जल निगम की सुस्ती के कारण सेंट्रल सिटी जोन में पिछले सात महीनों से ट्रंक सीवर का काम लटका हुआ था। श्यामगंज से चौपुला के बीच महज 50 मीटर पाइप डालना छोड़ दिया गया था, जिसकी वजह से करीब ढाई हजार घरों की जल निकासी ठप थी। बाद में यह जिम्मा नगर निगम के जलकल विभाग को मिला।
जिसने दो हफ्ते पहले चौराहे के बीचो-बीच खोदाई शुरू की। अब पाइप तो डल गए, लेकिन गड्ढों को भरकर सड़क को समतल करना शायद अफसरों के एजेंडे में ही नहीं है। बीच सड़क पर पड़ी मिट्टी और उड़ती धूल से वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। आए दिन जाम लग रहा है। सड़क पर रखे गर्डर हादसे का सबब बन सकते हैं।
