Bareilly : रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एआई पॉलिसी-2026 को मंजूरी, 20 हजार घटाई एमटेक की फीस
कार्यपरिषद में शामिल कई नए सदस्य, कार्य परिषद के समक्ष रखा गया ऑनलाइन एजुकेशन का फीस स्ट्रक्चर
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) की सर्वोच्च बॉडी, एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) ने आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस पॉलिसी-2026 को मंजूरी दे दी है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) के क्षेत्र में विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर का शानदार केंद्र बनाने के उद्देश्य से इसका मसौदा पेश किया गया। कैंपस में पहले से ही अटल सेंटर फॉर एआई कार्यरत है।
एमजेपीआरयू के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को ईसी की मीटिंग हुई। काउंसिल में कुछ नए सदस्य नियुक्त हुए हैं। घनश्याम खंडेलवाल, प्रोफेसर अजीत सिंह नैन, प्रोफेसर रजनी रंजन सिंह, प्रोफेसर मंजू अग्रवाल, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, प्रोफेसर दुष्यंत कुमार, प्रोफेसर अनुपम मेहरोत्रा का काउंसिल में स्वागत किया गया।
एमटेक के छात्रों को ईसी से बड़ी राहत मिली है। काउंसिल ने एमटेक की सालाना फीस एक लाख से घटाकर 80 हजार रुपये कर दी है।
10 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को प्रमोट किया गया है। दो शिक्षक और एक पुस्तकालय अध्यक्ष को करियर एडवांसमेंट स्कीम के अंतर्गत प्रमोट करने के फैसले को अनुमोदित किया गया।
विश्वविद्यालय द्वारा सेंटर ऑफ डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों के फीस स्ट्रक्चर से सदस्यों को अवगत कराया गया।
संगठक कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में 5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी को स्वीकृति मिली है। विश्वविद्यालय द्वारा 13 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान करने से परिषद को अवगत कराया गया। यूजीसी के नोटिफिकेशन के आधार पर शोध प्रबंध जमा करने के नए नियमों को अनुमोदित किया है।
प्रोफेसर श्याम बिहार को श्रद्धांजलि
कार्यपरिषद ने फरीदपुर के विधायक और एमजेपीआरयू के प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित रहे ये सदस्य
कुलाधिपति के नॉमिनी प्रोफेसर अजीत सिंह नैन, कुलसचिव हरीश चंद, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रोफेसर विजय बहादुर सिंह यादव, प्रोफेसर अंजू अग्रवाल, प्रोफेसर उपेंद्र कुमार, प्रोफेसर विनय कुमार, प्रोफेसर विनय ऋषिवाल, प्रोफेसर दुष्यंत कुमार, प्रोफेसर हरिकेश सिंह, प्रोफेसर अनुपमा मेहरोत्रा, डॉ. संजीव कुमार सक्सेना, डॉ. रामकेवल, डॉ. विमल कुमार, डॉ. सौरभ वर्मा एवं डॉ. आशीष जैन सहित विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।
