कानपुर में ही रहेगा श्रम विभाग का मुख्यालय, लखनऊ शिफ्टिंग की अटकलों पर विराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के श्रमायुक्त कार्यालय को लखनऊ स्थानांतरित किए जाने की अफवाहों पर अब विराम लग गया है। शासन स्तर से मुख्यालय के स्थानांतरण को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में श्रम विभाग का मुख्यालय फिलहाल कानपुर में ही संचालित होता रहेगा। इस खबर से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में राहत की सांस ली।

वर्तमान में श्रमायुक्त कार्यालय जीटी रोड स्थित सेवायोजन कार्यालय के पास बने भवन से कार्यरत है और भविष्य में भी यहीं से सभी विभागीय कार्य किए जाएंगे। पिछले कई दिनों से मुख्यालय को लखनऊ शिफ्ट करने की चर्चाएं जोरों पर थीं, जिसके खिलाफ श्रम संगठनों ने भी विरोध जताया था। विभागीय सूत्रों ने स्पष्ट किया कि शासन से कोई स्थानांतरण संबंधी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। 

इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी यथास्थान अपनी ड्यूटी जारी रखेंगे। मुख्यालय परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवास और पास स्थित श्रम निकुंज में अधिकारियों की आवासीय व्यवस्था पहले की तरह बनी रहेगी। किसी भी कर्मचारी या अधिकारी का आवास नहीं हटाया जाएगा। मुख्यालय कानपुर में बने रहने की पुष्टि होने के बाद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।

संबंधित समाचार