रामनवमी पर फूलों से सजे मंदिर, गूंज रही बधाइयां; श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सुबह 5 बजे से शुरू दर्शन
अयोध्या, अमृत विचार। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर मठ-मंदिर फूलों से सज धज कर तैयार हो गये हैं। गर्भगृह तक बधाइयां गूंजने लगी है। अब भक्तों को प्रभु के आने का इंतजार है। आज शुक्रवार को रामनवमी पर सुबह से ही राम मंदिर समेत अन्य स्थानों में भगवान के अभिषेक, श्रृंगार, आरती के आयोजन शुरू हो जाएगा। दोपहर 12 बजे शंख नाद व भजन से पूरी नगरी आह्लादित हो जाएगी। आयोजन में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच गये है।
श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर राम मंदिर में विशेष आयोजन 19 मार्च से चल रहे हैं। मंदिर के गर्भगृह में पुजारी की मौजूदगी में भगवान श्री राम के प्रतीकात्मक जन्मोत्सव का आयोजन संपन्न किया जाएगा। राम मंदिर के ट्रस्ट विशेष आमंत्रित सदस्य, राम मंदिर दर्शन व्यवस्था के प्रभारी गोपाल जी राव ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सुबह 5 बजे से दर्शन शुरू होगा।सुबह 10 बजे से अभिषेक शुरू होगा। दोपहर 12 बजे आरती होगी 56 भोग लगेगा और उसके साथ भगवान के माथे पर सूर्य का तिलक होगा। शाम को बधाई गीत शुरू रहेगा।
कहा कि राम जन्मभूमि मंदिर में जन्मोत्सव को खास तैयारी की गई है। अस्थाई मंदिर को फूलों से सजाया गया है। रामलला के मुख्य पुजारी बताते हैं कि भगवान श्री राम के साथ भरत, लक्षमण,शत्रुहन के नए वस्त्र बनाये गए हैं। जो हल्के पीले रंग के हैं। इन वस्त्र को गोटों से सजाया गया है। जिन्हें सुबह पंचामृत से अभिषेक स्नान के बाद पहनाया जाएगा। उसके बाद भव्य आरती-पूजन कर चार प्रकार की पंजीरी, पंचामृत, पेड़ा और फल का भगवान को भोग लगाया जाएगा। और प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा।
वहीं राम नवमी के अवसर पर मंदिरों में जन्मोत्सव पर आस्था भाव में श्रद्धालु झूम रहे है। प्राचीन कनक भवन, जानकी महल, राम वल्लभा कुंज, मणिराम दास छावनी, बड़ा भक्त महल, राम हर्षण कुंज, विभूति भवन, सद्गुरु सेवा सदन, लक्ष्मण किला, दशरथ भवन सहित दर्जनों मठ मंदिरों में श्री राम जन्मोत्सव को लेकर श्रीराम कथा, रामलीला व सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन भी किए जा रहे हैं। दशरथ महल के महंत विंदुगद्दाचार्य देवेंद्र प्रसादाचार्य बताते हैं कि भगवान का जन्म उत्सव बहुत ही आनंदमय वातावरण में मनाया जा रहा है। मंदिरों में आने वाले श्रद्धालु बड़े उत्साह के साथ भगवान के भजन गा रहे हैं नाच रहे हैं।
रामनवमी पर कुंभ जैसी व्यवस्था लागू
रामनगरी में चल रहे राम नवमी मेले में बृहस्पतिवार को पांच लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। जहां उन्होंने सरयू नदी में स्नान कर हनुमान गढ़ी और राम मंदिर में दर्शन पूजन किया। सुबह से ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार रहीं। इस दौरान भीड़ को देखते हुए रामपथ पर कुंभ की तर्ज पर श्रद्धालुओं के आने जाने की व्यवस्था को लागू किया गया। जिसमें श्रद्धालु सरयू घाट से स्नान कर रामपथ पर सड़क के पश्चिमी दिशा से हनुमान गढ़ी और राम मंदिर तक पहुंचे रहे हैं। दर्शन कर पूरबी दिशा से सड़क पर बाहर जा रहे हैं।
राम भक्तों में वितरित होगा तीन लाख राजगिरा लड्डू
ट्रस्ट के व्यवस्था प्रभारी गोपाल जी राव ने बताया किश्री राम जन्मोत्सव के लिए महाराष्ट्र से तीन लाख राजगिरा का लड्डू पहुंचा है। जिसे आने श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा, अगर कम पड़ेगा तो हमारे पास और भी प्रसाद बने हुए है। बड़ी संख्या में प्रसाद की व्यवस्था है।
