प्रयागराज के फाफामऊ में बड़ा हादसा : 'कोल्ड स्टोरेज' ढहने से 4 मजदूरों की मौत व कई श्रमिक घायल, रेस्क्यू जारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज के फाफामऊ में बड़ा हादसा : 'कोल्ड स्टोरेज' ढहने से 4 मजदूरों की मौत व कई श्रमिक घायल, रेस्क्यू जारी

प्रयागराज। प्रयागराज जिले में गंगानगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया जिससे अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, इस दुर्घटना में 4 मजदूरों की मौत हो गई जबकि नौ श्रमिक घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल श्रमिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि फाफामऊ थानाक्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज आज दोपहर अचानक भर भराकर ढह गया जिससे नौ श्रमिक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी है तथा अग्निशमन विभाग की टीम भी सक्रिय है जो गैस रिसाव बंद करने की दिशा में काम कर रही है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, "हमें आज दोपहर डेढ़-दो बजे के बीच फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की सूचना मिली जिस पर मैं और पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने वाली है।"

उन्होंने बताया, "लगातार मलबा हटाया जा रहा है। मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी सटीक सूचना अभी नहीं मिल पा रही है। हालांकि प्रशासन तेजी से राहत एवं बचाव कार्य में लगा है ताकि कोई भी व्यक्ति मलबे में फंसा न रहे।"  

मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की सहायता 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसे का संज्ञान लिया है । उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

इसके साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि राहत कार्यों में कोई देरी न हो और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।

संबंधित समाचार