अलीगढ़ में मंदिर कमेटी और पुलिस आमने-सामने: नए रूट से शोभायात्रा निकालने पर अड़े, नहीं मिली मंजूरी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ,अमृत विचार: दुर्गा अष्टमी को लेकर गुरुवार को प्रदेश भर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही, वहीं बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस अधिकारी जुटे रहे। धार्मिक स्थलों की ड्रोन से निगरानी की गई। उधर डीजीपी राजीव कृष्ण लगातार प्रदेश की कानून व्यवस्था की अपडेट लेते रहे।

पूरे प्रदेश से कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं हैं। हालांकि अलीगढ़ में काफी अरसे से निकलती रही शोभायात्रा के बदले रूट को लेकर मंदिर कमेटी और पुलिस आमने-सामने आ गई।

राम नवमी को लेकर पुलिस खासी अलर्ट है। बाकायदा इसके लिए सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। पूरे प्रदेश में ड्रोन से निगरानी करने के आदेश दिए गए हैं। गुरुवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व रहा।

वेस्ट यूपी के अधिकांश जिलों में दुर्गा अष्टमी काफी श्रद्धाभाव और जोरशोर से मनाई जाती है। इसे लेकर बीती रात से ही मंदिरों के साथ ही सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस फोर्स को तैनात करने के साथ ही खुफिया टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया था। अब शुक्रवार को राम नवमी पर भी फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

पुलिस ने नए रूट से नहीं निकलने दी शोभायात्रा

डीजीपी ने पहले ही सख्त निर्देश दे रखे हैं कि रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा पुराने रूट से ही निकलेंगी। अलीगढ़ महानगर के मोहल्ला कनवरीगंज में श्रीदुर्गा महारानी मंदिर है। बताया जाता है कि पिछले 90 साल से मंदिर कमेटी द्वारा शोभायात्रा निकाली जाती रही है। इस बार कमेटी ने नए रूट से शोभा यात्रा निकालने के लिए प्रशासन को सूचना दी। कमेटी का तर्क है कि अतिक्रमण के चलते पुराने रूट के रास्ते संकरे हैं और जर्जर बिजली के तार लटक रहे हैं।

उधर पुलिस-प्रशासन ने नए रूट से शोभायात्रा को निकालने की इजाजत नहीं दी। इसके बाद मंदिर कमेटी के लोग भीड़ के साथ धरने बैठ गए। मंदिर कमेटी के अखिल मांगलिक ने बताया कि शोभायात्रा निकालना निरस्त किया जा रहा है। साथ ही धरना भी समाप्त कर दिया गया।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज