Bareilly : सैटेलाइट पर परदेसी की मौत में फंसे ठेकेदार व इंजीनियर-सुपरवाइजर, सफाई नायक सहित 5 दोषी
बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट बस अड्डे पर खुले नाले में गिरकर हरदोई के ट्रक ड्राइवर तौहीद की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट आ गई है। अपर नगरायुक्त की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने हादसे के लिए दो जूनियर, सुपरवाइजर, सफाई नायक के साथ ठेकेदार को दोषी मानते अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। आगे का एक्शन अब नगरायुक्त संजीव मौर्या को लेना है। जांच में गर्दन फंसने के बाद जहां एक ओर जहां ठेकेदार की फर्म ब्लैकलिस्ट की जानी है, वहीं सभी दोषियों पर गाज गिरना भी तय मानी जा रही है।
स्मार्ट सिटी बरेली की साख पर ग्रहण लगाने वाला मनहूस हादसा सैटेलाइट पर 24 मार्च की रात में हुआ था। हरदोई का रहने वाला नौजवान तौहीद रुद्रपुर की एक कंपनी में ट्रक चलाता था और उत्तराखंड में लंबे समय काम करने के बाद अपने घर जा रहा था। रात में वह बस अड्डे पर खुले नाले किनारे हरदोई के लिए बस का इंतजार कर रहा था। अचानक वह गहरे नाले में गिर गया था। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने के बाद भी एसडीआरएफ, पुलिस व नगर निगम की टीमें 30 घंटे बाद तौहीद का का शव नाले से बरामद कर सकी थीं।
स्मार्ट शहर के दावों के बीच खुले छोड़े गए जानलेवा नाले में गिरने से एक परदेसी युवक की मौत होने से नगर निगम की भारी फजीहत हुई थी और अफसरों को मौके पर जनता के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो गया था। हादसे पर हायतौबा मचने पर नगरायुक्त संजीव मौर्या ने जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की थी। जांच टीम में अपर नगरायुक्त शशि भूषण राय के साथ अधिशासी अभियंता को शामिल किया गया था और उन्हें 48 घंटे में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया था।
हालांकि, टीम तय समय पर जांच पूरी नहीं कर सकी। 10 दिन बाद अब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट नगरायुक्त को सौंप दी है, जिसमें ठेकेदार के अलावा दो जूनियर इंजीनियर, एक सुपरवाइजर व एक सफाई नायक को हादसे के लिए जिम्मेदार माना गया है। जांच में सामने आया है कि संबंधित ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों को लेकर खतरनाक तरीके से अनदेखी की थी। नाले को ढकने या चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। अफसरों का कहना है कि आरोपी ठेकेदार की फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सुपरवाइजर और सफाई नायक पर गाज पहले ही गिर चुकी है। बाकी दोषियों के खिलाफ एक्शन होना भी तय है।
जांच रिपोर्ट में कार्रवाई व सुझाव का रोडमैप तय
जांच कमेटी खुले नाले में गिरकर हुई तौहीद की मौत में दोषी मिले अफसरों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की संस्तुति की है। रिपोर्ट के आधार पर सुपरवाइजर और सफाई नायक के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई, निलंबन और दंड की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जेई और सफाई निरीक्षक पर अनुशासनात्मक जांच के बाद दंड या चेतावनी और ठेकेदार की फर्म ब्लैकलिस्ट करने के अलावा भविष्य में कोई भी नगर निगम प्रोजेक्ट न दिए जाने की सिफारिश की गई है। कमेटी ने भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने को कई सुझाव भी दिए हैं, जिनमें खतरनाक नालों को ढका जाना, चेतावनी बोर्ड लगाना और नियमित निगरानी शामिल है। नगरायुक्त के स्तर से जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि सभी जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। हादसे की जांच रिपोर्ट सामने आते ही नगर निगम के निर्माण व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
नगरायुक्त बोले, रिपोर्ट पढ़ने के बाद लेंगे एक्शन
हरदोई के ट्रक ड्राइवर तौहीद की मौत मामले में जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। विस्तृत जांच रिपोर्ट को वह गहराई से पढ़ेंगे। उसके ठेकेदार समेत सभी बाकी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए शासन को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
