साहब बेटी की शादी है सिलेंडर दिला दो... ADM के पास पहुंचा परेशान पिता, अधिकारियों ने आश्वासन देकर भेजा
लखनऊ, मोहनलालगंज, अमृत विचार: रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से सबसे अधिक वह लोग परेशान हैं, जिनके घरों में शादी व अन्य आयोजन हैं। शनिवार को मोहनलालगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नवीनगर निवासी राजाराम भी ऐसी ही समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने अध्यक्षता कर रहे एडीएम सिटी महेंद्र पाल सिंह को प्रार्थनापत्र देकर अधिकारी से कहा कि, साहब बेटी की शादी है, सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, शादी में खाना बनवाने के लिए गैस सिलेंडर दिलवा दीजिए। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है।
भसंडा निवासी राजेन्द्र ने आरोप लगाया कि पत्नी का नाम राशन कार्ड से बिना कारण बताए काट दिया गया है। अहमद खेड़ा निवासी नन्हे ने शिकायत की गांव में नवीन परती, पशुचर औऱ खलिहान की जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है शिकायत के बावजूद भी जिम्मेदार ध्यान नही दे रहे हैं। प्रतापगढ़ पट्टी तहसील की रीता देवी ने शिकायत की लेखपाल की शह पर रायभान खेड़ा मोहनलालगंज में प्लाट बाउंड्री वाल तोड़कर कब्जा कर लिया गया। सारी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए एडीएम ने जल्द निस्तारण के निर्देश दिए । समाधान दिवस में एसडीएम पवन पटेल, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला , नायब तहसीलदार शव्या मिश्रा, सहित कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे । अघईया गांव की एक खतौनी में विक्रय की गई गाटा का आदेश किसान के दूसरे गाटे पर भी दर्ज हो गया । इसको लेकर लेखपाल को प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद लेखपाल ने रिपोर्ट नही लगाई। किसान को डर है कि उसकी जमीन को फर्जी खातेदार बिक्री न कर दे । वही दहियर निवासी अनिल पांडे ने बताया कि नाम शुद्धि करण के लिए प्रार्थना पत्र दिया था जिसमे सारी रिपोर्ट लगने के बावजूद खतौनी पर अंकन नही किया जा रहा है।
ओमेक्स सिटी प्रबंधन द्वारा जमीनों पर जबरन कर रहे कब्जा, आबादी में बने मकानों को खाली करने का बना रहें दबाव
अली नगर खुर्द के सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील दिवस में किया हंगामा प्रदर्शन
सरोजनी नगर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में अली नगर खुर्द के ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश क्रांति किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इन लोगों ने ओमेक्स सिटी प्रबंधन पर जमीनों पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। ये भी आरोप लगाया कि मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। -जाने के रास्ते बंद किए जा रहे हैं। ग्राम समाज और शमशान के लिए दर्ज जमीन पर कब्जे का भी आरोप लगाया।
विजय ने बताया कि ओमेक्स सिटी कंपनी के लोग घरों के सामने गड्ढे खोदकर लोहे की टीन शेड की बाउंड्री वॉल बनाकर रास्ता बंद कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिनों में समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बताया कि गांव के राजाराम लोधी, सत्य प्रकाश लोधी और मुन्नीलाल सहित कईलोग इस संबंध में कई बार तहसील में शिकायत करा चुके हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जो किसान जमीन देने से इंकार करता है, उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है, जिससे वह मजबूर होकर जमीन बेच देता है। ग्रामीणों ने खाता संख्या 182/16 की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की।ग्रामीणों ने किसान पथ की सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था न होने से भी नाराजगी जताई। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। एसडीएम अंकित शुक्ला ने जांच का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। वहीं, शाहपुर मझिगवां के ग्रामीणों ने भी बंजर भूमि गाटा संख्या 221 व 222 पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि रामबक्श द्वारा कब्जा हटाने के बावजूद दोबारा निर्माण की तैयारी की जा रही है, जिस पर कार्रवाई की मांग की गई है।
