UP News: नैनीताल हाईवे पर काल बनकर दौड़ी कार, टक्कर लगने साइकिल सवार की मौत
बिलासपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पर गांव इंद्रपुर के पास फ्लाईओवर पर कार चालक ने लापरवाही से साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर उत्तराखंड स्थित जिला अस्पताल भेज दिया।
रुद्रपुर जाते वक्त हादसा
थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव मुंडिया नागोर निवासी तौफीक अहमद (40) पिछले काफी बारह साल से क्षेत्र के गांव चन्देन में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार की सवेरे करीब नौ बजे मजदूरी के लिए साइकिल से रुद्रपुर उत्तराखंड जा रहे थे। इस दौरान गांव इन्दरपुर के पास फ्लाईओवर पर पीछे से तेज गति में आ रही कार के चालक द्वारा लापरवाही से टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
उत्तराखंड पुलिस करा रही पोस्टमार्टम
दुर्घटना के बाद मौके पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में घायल को उपचार के लिए रुद्रपुर उत्तराखंड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि घायल की मौत रुद्रपुर उत्तराखंड में हुई है। इसलिए उत्तराखंड पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जबकि क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। कहा कि अभी इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
