Bareilly: अवैध खनन रोकने को बनेगा चेक गेट और मिनी कमांड सेंटर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। अवैध खनन और बिना परिवहन शुल्क के खनिज लाने पररोक लगाने के लिए उत्तराखंड-यूपी सीमा पर चेक गेट बनेगा। इसकी निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में मिनी कमांड सेंटर बनेगा। इनकी स्थापना के लिए धनराशि जारी कर दी गयी है। यूपी डेस्को को जिम्मेदारी दी गयी है।

जिला खनन अधिकारी मनीश कुमार ने बताया कि खनन निदेशालय की टीम के निरीक्षण के बाद कार्यदायी संस्था यूपी डेस्को चेक गेट लगाने का काम शुरू करेगी। कलेक्ट्रेट में मिनी कमांड सेंटर बनाने के लिए एडीएम प्रशासन से एक कक्ष की मांग की गयी है। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि 53 लाख 81508 रुपये की धनराशि यूपी डेस्को को आवंटित कर दी है। कार्यदायी संस्था माई मित्रा चेक गेट व मिनी कमांड सेंटर बनवाएगी। 

चेक गेट पर वेरी फोकल के दो कैमरे और चार एएनपीआर (स्वचालित नंबर प्लेट पहचान) कैमरे लगेंगे। आरएफआईडी रीडर भी लगेगा। वेरी फोकल कैमरे डंपरों में भरे उप खनिज की दूर से पहचान करने में समक्ष होंगे और एएनपीआर कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को स्वचालित रूप से स्कैन करके उन्हें डिजिटल टेक्स्ट में बदलने का कार्य करेंगे। इन कैमरों की मॉनीटरिंग मिनी कमांड सेंटर में तैनात कर्मचारी करेंगे।

इन थाना क्षेत्रों में अवैध खनन के अधिक मामले
जिले के कई थाना क्षेत्रों में अवैध खनन के मामले ज्यादा आते हैं। इज्जतनगर, भोजीपुरा, बहेड़ी, देवरनिया, कैंट थाना क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अवैध खनन के मामले पकड़े जा चुके हैं। अवैध खनन में सैकड़ों वाहन पकड़े जा चुके हैं।

 

संबंधित समाचार