इंडियन प्रीमियर लीग : लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया
हैदराबाद : गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कप्तान ऋषभ पंत (नाबाद 68 ) और एडन मारक्रम (45) की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को एक गेंद शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी। 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एडन मारक्रम ओर मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए अभी 37 रन ही जोड़े थे कि पांचवें ओवर में इशान मलिंगा ने मिचेल शर्मा (14) को आउटकर पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ऋषभ पंत ने एडन मारक्रम के साथ दूसरे विकेट के लिये 40 रन जोड़े। 10वें ओवर में शिवांग कुमार ने एडन मारक्रम को आउट किया। एडन मारक्रम ने 27 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 45 रनों की पारी खेली। इसके बाद जल्द ही आयुष बदोनी (12) और निकोलस पूरन (एक) को आउट कर गेंदबाजों ने हैदराबाद की मैच में वापसी कराने का प्रयास किया। अब्दुल समद ने 12 गेंदों में 16 रन बनाये। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19.5 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऋषभ पंत ने 50 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 68 रनों की नाबाद पारी खेली। पंत ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विजयी चौका लगाया। लखनऊ सुपर जायंट्स की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है। सनराइजर्स हैदराबाद की दूसरी हार। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हर्ष दुबे ने दो विकेट लिये।
ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां हाइनरिक क्लासन (62) और नीतीश कुमार रेड्डी (56) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से सनराइर्ज हैदराबाद ने लखनऊ सपुर जायंट्स् के खिलाफ नौ विकेट पर 156 रनों का स्कोर बनाया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सनाइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 26 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। अभिषेक शर्मा (शून्य), ट्रैविस हेड (सात), ईशान किशन (एक) और लियम लिविंगस्टन (14) रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय हाइनरिक क्लासन और नीतीश कुमार रेड्डी की जोड़ी ने पारी को संभाला।
दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 116 रन जोड़े। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक बनाये। 18वें ओवर में एम सिद्धार्थ ने नीतीश कुमार रेड्डी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। नीतीश कुमार रेड्डी ने 33 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए (56) रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में आवेश खान ने हाइनरिक क्लासन को आउटकर पवेलियन भेज दिया। हाइनरिक क्लासन ने 41 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 62 रन बनाये। अगली गेंद पर उन्होंने हर्ष दुबे (शून्य) का भी शिकार कर लिया। शिवांग कुमार (पांच) रन बनाकर आउट हुये। पारी के आखिरी ओवर में हर्षल पटेल (पांच) रनआउट हुये। सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 156 रन का स्कोर बनाया। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट लिये। एम सिद्धार्थ और दिग्वेश राठी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
