सीतापुर में हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आया विद्युतकर्मी: लाइन मरम्मत के दौरान मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया
सीतापुर, अमृत विचार: विद्युत लाइन की मरम्मत करते समय संविदाकर्मी लापरवाही का शिकार हो गया। सिधौली इलाके में खंभे पर धूं-धूंकर जलकर उसकी मौत हो गई। हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर हुई मौत को लेकर परिवार के लोगों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सिधौली तहसील क्षेत्र के संतनगर पुलिस चौकी आंधी-बारिश के कारण विद्युत लाइन में बाधा आ गई थी। इसे दुरुस्त करने के लिए खंभे पर सतनपुर निवासी विद्युत कर्मी वीरू (25) खंभे पर चढ़ा था। बताते हैं कि जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, हाईवोल्टेज लाइन के तारों में करण्ट दौड़ गया। पल भर में वो आग की लपटों में घिर गया। संविदा कर्मी को धूं-धूंकर जलता चीख पुकार मच गई।
बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और तत्काल सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। फिर विद्युत प्रवाह को रोका गया, भारी मशक्कत के बाद झुलसे हुए कर्मी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में जांच शुरू कर दी है।
