सीतापुर में पेशकार समेत दो रिश्वत लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कर्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले की मिश्रिख तहसील में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायिक तहसीलदार कार्यालय में तैनात पेशकार और एक प्राइवेट कर्मचारी को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मिश्रिख तहसील क्षेत्र की एक महिला अपनी जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के लिए लंबे समय से तहसील के चक्कर लगा रही थी। 

आरोप है कि कार्य कराने के नाम पर उससे लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान महिला ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने योजना के तहत महिला को रिश्वत की रकम देकर न्यायिक तहसीलदार कार्यालय भेजा। बताया गया कि मुख्य आरोपी अनीस अहमद, जो मूल रूप से नजीर के पद पर तैनात है लेकिन लंबे समय से पेशकार का कार्य देख रहा था, अपने सहयोगी प्राइवेट कर्मचारी रोहित सिंह के साथ मिलकर रिश्वत वसूली का नेटवर्क चला रहा था।

जैसे ही महिला ने दोनों आरोपियों को 18 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल दोनों को दबोच लिया। टीम ने मौके पर आरोपियों के हाथ धुलवाए, जिसमें पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। अधिकारियों ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार