रामपुर पीपीपी मॉडल पर बनेगा आधुनिक सुविधाओं से लैस बस अड्डा: आकाश सक्सेना
शासन से मिली मंजूरी, नए रोडवेज बस अडडे के पास ही होगा निर्माण
रामपुर, अमृत विचार। परिवहन विभाग की बस सेवा अब और अधिक आधुनिक होगी। इसके लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना के प्रस्ताव पर रामपुर में नए बस अडडे के निर्माण को मंजूरी मिली है। पीपीपी (पब्लिक, प्राइवेट, पार्टनरशिप) मॉडल पर बनने वाला नया बस अडडा उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं के साथ ही विभाग के लिहाज से भी उत्यंत उपयोगी साबित होगा। एक ही स्थान पर बसों में ईंधन का इंतजाम और वर्कशॉप भी बनाई जाएगी। साथ ही कर्मचारियों के आराम करने के लिए भी अलग स्थान बनाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर वर्तमान में मॉल गोदाम के पास बस अडडा बना है, लेकिन अब यह बस अडडा क्षमताओं के लिहाज से छोटा पड़ रहा है। वर्तमान में रामपुर डिपो से तीन एसी बसों के साथ ही 96 बसों का संचालन किया जा रहा है। डिपो में स्थान न मिलने की वजह से बसें नैनीताल रोड और डिपो के बाहर ही खड़े होकर यात्रियों को बसों में बैठाती हैं और उतारती हैं। जिससे जाम की स्थिति रहती है। ऐसे में लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। जबकि, रामपुर डिपो से करीब तीन किलोमीटर दूर वर्कशॉप है। इसी वर्कशॉप में डिपो का डीजल पम्प भी है। ऐसे में बसें यात्रियों को छोड़ने के बाद डीजल आदि लेने के लिए वर्कशॉप जाती हैं, जिससे विभाग को अतिरिक्त नुकसान होता है। बसों की रिपेयरिंग भी वर्कशॉप में ही होती हैं। ऐसे में विभाग और यात्रियों की सुविधा के लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने परिवहन विभाग को नए बस अडडे के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश ने बताया कि पीपीपी मॉडल पर नए बस अडडे का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नए रोडवेज के पास ही जमीन देखी गई है। जहां सभी सुविधाएं होंगी। यहां तक कि कर्मचारियों एवं यात्रियों के बैठने के लिए सुविधाओं से युक्त प्रतीक्षालय भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
पीपीपी मॉडल पर बनने वाले नए रोडवेज पर यात्रियों के लिए विशाल एवं आरामदायक प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली और ऑटोमेटिक टिकटिंग, स्वच्छ शौचालय और पेयजल व्यवस्था, फूड कोर्ट और दुकानों की सुविधा, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा प्रबंध, महिला एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
चार्जिंग स्टेशन और डीजल के पम्प का होगा निर्माण
रामपुर। नए बस अडडे पर ई-वाहनों की चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। यहां ई-बसें चार्ज हो सकेंगी। इसके अलावा बसों में डीजल भरवाने के लिए पम्प भी बनाया जाएगा। बसों की धुलाई और सर्विसिंग के लिए सर्विस स्टेशन भी बनाया जाएगा।
रामपुर में आधुनिक बस अडडे की बहुत आवश्यकता थी। यात्रियों एवं विभाग दोनों ही इस समस्या से जूझ रहे थे। अब नया बस अडडा बनने से न सिर्फ यात्रियों को आरामदायक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सभी कार्य भी एक ही स्थान पर हो सकेंगे। इससे रामपुर की परिवहन व्यवस्था सुधरने के साथ ही रामपुर के विकास में भी तेजी आएगी। -आकाश सक्सेना, शहर विधायक, रामपुर।
