इटावा : ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से आहत युवक ने फंदा लगाकर दी जान, पत्नी, सास और साले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इटावा। इटावा जिले में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से आहत होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि मृतक हरिओम की पत्नी रोशनी, सास शीला देवी उर्फ गुड्डी और साला अनिल (अनेक) को गिरफ्तार किया गया है। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हरिओम ने अपने वीडियो में आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे दो दिन तक बंधक बनाकर मारपीट की और उसके पिता से दो लाख रुपये की मांग की। उसने कहा कि वह इस प्रताड़ना से टूट चुका है और आत्महत्या करने को मजबूर है। उल्लेखनीय है कि हरिओम की शादी दो जून 2025 को बकेवर क्षेत्र के सराय मिट्ठे गांव निवासी रोशनी के साथ हुई थी। 23 अक्टूबर को वह पत्नी को विदा कराने ससुराल गया था, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और बंधक बनाकर रखने की घटना हुई।
घटना से आहत हरिओम ने भरथना रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने छोटे भाई को वीडियो भेजकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। परिजनों की तहरीर पर पत्नी सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
