मिर्जापुर में तड़तड़ाईं गोलियां, पूर्व प्रधान अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
मिर्जापुर, अमृत विचार : यूपी के मिर्जापुर में बदमाशों ने पूर्व ग्राम प्रधान, एडवोकेट राजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह दिनदहाड़े हत्याकांड से इलाका थर्रा गया। ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हत्याकांड की खबर लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अफरातफरी और दहशत का आलम बना है। घटनाक्रम कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूपुर गांव का है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह दो बार गांव के प्रधान रह चुके हैं। शनिवार की सुबह वह टहलने निकले थे। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। बताते हैं कि राजीव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
https://twitter.com/i/status/2042822872016785731
खून से लथपथ राजीव सिंह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद चीख-पुकार के बीच भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस पहुंची। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने राजीव सिंह को मृत घोषित कर दिया। राजीव सिंह की हत्या से ग्रामीणों के साथ वकीलों में भी आक्रोश फैल गया। ग्रामीण, हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग रह रहे हैं। उधर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बताते हैं कि अधिवक्ता राजीव सिंह पर इससे पहले भी दो बार हमले हो चुके हैं। अपनी जान को खतरा बताते हुए उनके द्वारा स्थानीय पुलिस के समक्ष शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन इसके बाद भी उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और आखिरकार राजीव सिंह की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेकिन राजीव सिंह के परिवार और समर्थक आक्रोशित हैं। पुलिस उन्हें समझाने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना में शामिल आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और कड़ी सजा दी जाएगी।
