Bareilly: लॉ स्टूडेंट की हत्या से आतंकित परिवार ने दीवारों पर लिखा...घर बिकाऊ

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। लॉ स्टूडेंट योगेश की हत्या और आरोपी दबंग प्रधान की गिरफ्तारी न होने से परेशान पीड़ित परिवार ने पलायन ने धमकी दे डाली है। सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कहा गया है कि आरोपी प्रधान रामरहीस यादव समाजवादी पार्टी से जुड़ा है और गिरफ्तारी न होने से उसके हौसले बुलंद हैं। आरोपी षडयंत्र रचकर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। सलामती को घर बेचकर पलायन के हालात पैदा हो गए हैं।

सिलसिले हत्याओं को लेकर चर्चाओं में रहे थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी में 19 जनवरी को सरेआम एलएलबी के छात्र योगेश यादव को गोली से उड़ा दिया गया था। पुलिस को बताया गया था हमलावर प्रधान राम रईश यादव पक्ष से मनोज के परिवार की पहले से रंजिश चली आ रही थी। पुलिस की छानबीन में यह बात भी सामने आई थी कि मृतक के भतीजे का आरोपी पक्ष से मोबाइल की किश्त को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की रिपोर्ट मारे गए योगेश के अधिवक्ता भाई मनोज यादव ने ग्राम प्रधान रामरहीश, रामऔतार, राम खिलाड़ी, पीके यादव व सुमित उर्फ नन्हे के खिलाफ दर्ज कराई गई थी।

हत्याकांड से गांव में भारी तनाव के हालात बन गए थे। कई थानों की पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में परिवार ने लॉ छात्र योगेश का अंतिम संस्कार किया था। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने हत्यारोपी सुमित व पीके को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी बाकी आरोपी खुले घूम रहे हैं। मृतक के भाई मनोज यादव का कहना है कि मुख्य आरोपी प्रधान रामरईश समाजवादी पार्टी से जुड़ा है और उसके बड़े नेताओं से सम्बंध हैं। जिसकी वजह से पुलिस ने अभी तक उस पर कार्रवाई नहीं की है। वह तरह-तरह से पीड़ित परिवार को धमकियां दिला रहा है। गांव से भागने को कहा जा रहा है। परेशान होकर उन्होंने घर पर मकान बिकाऊ लिख दिया है। कहा है कि आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। दबंग आरोपी उनके और परिवार के साथ कभी भी अनहोनी कर सकते हैं।

नवादा बिलसंडी में हो चुकी कई लोगों की हत्या
फरीदपुर क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी में रंजिशों के चलते खूंरेज इबारत पहले भी लिखी जाती रही हैं। आपसी टकराव में कई हत्याएं हो चुकी हैं। सवा साल पहले गांव में एक हिस्ट्रीशीट का मर्डर हुआ था। जनवरी में हत्याकांड का शिकार हुए योगेश यादव के परिवार की हमलावर पक्ष से पहले से ही रंजिश चली आ रही थी। आरोपी पक्ष के खिलाफ वर्ष 2023 में मारपीट की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। मोबाइल की किश्त के बाद विवाद ने रंजिश को और बढ़ा दिया और फिर एक नौजवान उसी भेंट चढ़ गया था।

हत्याकांड के विरोध में उतरी थी बरेली बार एसोसिएशन
फरीदपुर तहसील के प्रेक्टिस करने वाले अधिवक्ता मनोज कुमार के भाई लॉ स्टूडेंट की हत्या पर बार एसोसिएशन ने रोष जताया था। घटना का पता होते ही बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडे एडवोकेट बरेली और फरीदपुर के तमाम अधिवक्ता साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए थे और सभी हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।

 

संबंधित समाचार