Moradabad: मूक-बधिर प्रेमियों के प्यार की भाषा समझेंगे स्पेशल एजुकेटर
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना मुगलपुरा क्षेत्र से संबंधित एक मामले में मूक-बधिर प्रेमी युगल का बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पेशल एजूकेटर की मांग की गई थी। इस पर बीएसए ने एक महिला और एक पुरुष स्पेशल एजूकेटर की नियुक्ति की है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने शनिवार को बताया कि थाना मुगलपुरा में दर्ज प्रकरण में पीड़िता सबा निवासी मुगलपुरा मूक-बधिर है। इसके अतिरिक्त मामले से संबंधित एक अन्य व्यक्ति भी मूक-बधिर बताया गया है। दोनों मूकबधिर प्रेम प्रसंग के चलते फरार हो गए थे। मुगलपुरा पुलिस ने दोनों को उड़ीसा से पकड़ा है।
इस मामले में थाना मुगलपुरा के निरीक्षक ने 10 अप्रैल को मूक-बधिर पीड़िता के बयान दर्ज कराने के लिए एक पुरुष एवं एक महिला स्पेशल एजूकेटर की मांग की गई थी, जिससे सांकेतिक भाषा के माध्यम से सही तरीके से बयान दर्ज कराए जा सकें।उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्पेशल एजूकेटर प्रकाश चन्द पटेल तथा कल्पना (एचआई. विकास क्षेत्र कुंदरकी) को थाना मुगलपुरा एवं थाना पाकबड़ा पुलिस से समन्वय स्थापित कर पीड़िता के बयान दर्ज कराने के भेजा गया है।
