आजमगढ़ : मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस फायरिंग में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मुबारकपुर थाना पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी पुलिस फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) आस्था जायसवाल ने बताया कि तीन अप्रैल की रात मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुरा गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उपचार के दौरान घायल युवक मोहम्मद हस्सान की मृत्यु हो गई।

इस संबंध में मृतक के पिता नौशाद अहमद की तहरीर पर पड़ोसी इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभ में मामला धारा 109(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया, जिसे मृत्यु के बाद धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) में परिवर्तित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग पर छिपा हुआ है।

पुलिस द्वारा घेराबंदी कर संदिग्ध को रुकने का संकेत देने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी द्वारा पुनः फायरिंग का प्रयास किए जाने पर आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें आरोपी इरफान (22) के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने तीन अप्रैल को आपसी विवाद में हस्सान पर चाकू से हमला किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और पकड़े जाने के डर से पुलिस पर फायरिंग की। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार