UP: भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, 43 डिग्री तक जा सकता है पारा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पारा एक बार फिर से चढ़ने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा। ऐसे में तेज धूप और तपन वाली गर्मी लोगों को परेशान करती रही। तेज धूप के कारण कम लोग ही घरों से निकलें। इससे सड़कों की चहल-पहल गायब रही। मौसम वैज्ञानिक आने वाले समय में तापमान और बढ़ने की संभावना जताकर सोमवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंचना बता रहे हैं।
रविवार सुबह न्यूनतम पारा 19 डिग्री और अधिकतम पारा 34 डिग्री रिकार्ड हुआ। इसके बाद पारे में तेजी से उछाल आता गया। दोपहर 12 बजे तक पारा 30 डिग्री तक जा पहुंचा। इसी के साथ तपन भी बढ़ती गई। दोपहर तीन बजे तक पारा 34 डिग्री जा पहुंचा जो शाम चार बजे तक स्थिर रहा। ऐसे में तेज धूप लोगों के लिए असहनीय रही। लोग तेज धूप से बचने के छांव की तलाश में लगे रहे। भीषण गर्मी की वजह से बाजार की चहल-पहल तक प्रभावित रही।
हालांकि शाम को सूर्य अस्त होने के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। राज्य मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार सिंह मुताबिक तापमान में अभी और वृद्धि होगी। शनिवार तक पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस सप्ताह भर गर्मी परेशान करेगी। इसलिए धूप से बचाव बेहद जरूरी है।
बिजली की बढ़ गई आवाजाही
रविवार को तापमान बढ़ते ही बिजली की कटौती भी बढ़ गई। वजह है कि बिजली की मांग अधिक होते ही फाल्ट की समस्याएं शुरू हो गई हैं, जिससे शट डाउन लिए गए। रविवार को दिनभर बिजली की आवाजाही रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम का पूर्वानुमान
तिथि- अधिकतम पारा-न्यूनतम पारा
13 अप्रैल - 36 - 19
14 अप्रैल - 38 - 20
15 अप्रैल - 39 - 21
16 अप्रैल- 40 - 22
17 अप्रैल- 39 - 22
18 अप्रैल- 43- 24
चिकित्सकों की सलाह बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के जिरियाट्रिक फिजीशियन डॉ. शिखर वाजपेयी बताते हैं कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसलिए इससे बचाव बहुत जरूरी है। गर्मी में रोजाना चार से पांच लीटर पानी एवं अन्य तरल पदार्थ का सेवन करें। पानी न पीने से डिहाइड्रेशन, पेशाब में जलन से लेकर पथरी आदि की समस्या बन सकती है। इसके अलावा खाने में भी हरी सब्जियां का सेवन करें वह भी कम तेल मसाले में बनाकर।
