बाराबंकी न्यूज : युवती को ब्लैकमेल कर शादी का बनाया दबाव, रिपोर्ट दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी युवक उससे शादी करने का दबाव बना रहा है और मना करने पर उसे लगातार परेशान कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार, दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे और परिवार भी शादी के लिए तैयार था, लेकिन युवक की कुछ हरकतों के चलते युवती ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया।
युवती का आरोप है कि आरोपी उसके साथ की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। साथ ही वह जहां-जहां युवती काम करने जाती है, वहां पहुंचकर अभद्र व्यवहार करता है और नौकरी से निकलवाने की कोशिश करता है।
आरोपी ने जान से मारने और खुदकुशी कर युवती को फंसाने की धमकी भी दी है। घटना के दिन शाम करीब 6 बजे आरोपी ने जहांगीराबाद चौराहे पर युवती को रोककर गाली-गलौज की और फिर से वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
