पुराने भवनों के मानचित्र मांगे जाने पर राजनाथ सिंह से मिले व्यापारी, जानिए लालजी टंडन की पुस्तक का लोकार्पण कर क्या बोले रक्षा मंत्री
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा गोमती नगर विवेक खंड एवं तेलीबाग बाजार के व्यापारियों को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा के तहत नोटिस भेजी गई है। आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में 11 सदस्यीय एक प्रतिनिध मंडल सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मिला और पक्ष रखा। व्यापारी नेताओं ने कहा कि लखनऊ विकास प्राधिकरण सालों पुराने व्यापारियों को नोटिस देकर उनसे भवन का नक्शा मांगने तथा सीलिंग की कार्रवाई की नोटिस दी जा रही है। इसे लेकर रक्षामंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
व्यापारियों ने बताया अनेक भवन 50 साल पहले के बने हुए हैं ,कुछ भवन 30- 40 साल पहले के हैं। पुराने भवनों से मानचित्र मांगने का कोई औचित्य नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस समय यह भवन बन रहे थे उस समय लखनऊ विकास प्राधिकरण विभाग एवं विभाग के अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वह्न नहीं किया। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए थी। लेकिन जब व्यापारियों ने इन भवनों में अपनी दुकान खरीद ली है और अपना व्यापार कर जीविकोपार्जन कर रहे हैं तो व्यापारियों को सीलिंग का नोटिस देना अन्यायपूर्ण है।
लखनऊ की गोमती नगर विवेक खंड, तेलीबाग मार्केट , कपूरथला, पत्रकारपुरम ,सीतापुर रोड इन बाजारों को भी मार्केट स्ट्रीट घोषित किया जाना चाहिए। जिस प्रकार से अनेक कालोनियों को नियमित किया जाता है उसी प्रकार से 15 साल से अधिक बने हुए पुराने भवनों को भी नियमित किया जाना चाहिए। रक्षामंत्री ने उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में गोमतीनगर के हेमंत कुकरेजा, नितिन काकरिया, हर्ष अरोरा, गंगाराम रहेजा, ज्योति काकरिया एवं तेलीबाग आदर्श व्यापार मंडल के आलोक गोयल, राजेश चावला,चंद्रशेखर यादव ,परमजीत सिंह, अमरजीत सिंह मुख्य रूप से शामिल थे।
लालजी टंडन का जीवन लखनऊ की आत्मा : राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, ना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद बृजलाल ने रविवार को पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन फाउंडेशन ने पूर्व टंडन कृत पुस्तक स्मृति नाद का लोकार्पण किया। लालजी टंडन फाउंडेशन की ओर से गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि लालजी टंडन का जीवन लखनऊ की आत्मा हैं। जयंती पर उन्हें नमन करते स्वयं को भावुक महसूस कर रहा हूं।
11.jpg)
टंडन जी इस पुस्तक के प्रकाशन को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन इसके पहले ही वे हम सभी को छोड़कर चले गए। टंडन जी की छाप अनगिनत लोगों पर पड़ी। सर्व धर्म समभाव लालजी टंडन का मूल सिद्धांत था, जिसका उल्लेख इस पुस्तक में भी किया गया है। साथ ही पुस्तक में देश की संस्कृति, सभ्यता और समकालीन विषयों का भी समावेश है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ा एक रोचक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि कैसे एक विमान अपहरण की घटना में अटल जी की संवाद क्षमता से स्थिति संभाली गई। राज्यसभा सांसद संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
लखनऊ हर वक्त मेरे जहन में रहता है : राजनाथ
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ वासियों से मिलकर मुझे हमेशा सुखद अनुभूति होती है। दिल्ली में भी यहां के लोगों से मिलने का प्रयास करता हूं। देश-विदेश की व्यस्तताओं के बावजूद लखनऊ हमेशा मेरे दिल और दिमाग में रहता है। ये बात रविवार को सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विनीत खंड स्थित सेठ एमआर जयपुरिया सेमिनार हॉल में वरिष्ठ जन संवाद कार्यक्रम में कही।
जयपुरिया संस्थान में वरिष्ठ जन संवाद को रक्षामंत्री ने किया संबोधित
राजनाथ सिंह ने कहा कि सांसद के रूप में जनता से मिली जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करते हैं। विभागों से सीधे संवाद कर समस्याओं के समाधान की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 10-12 वर्षों में लखनऊ में व्यापक विकास हुआ है, जिसमें राज्य सरकार और मुख्यमंत्री का भी अहम योगदान रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर रक्षामंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और पश्चिमी एशिया के मौजूदा संकट में भारत ने संतुलित और सूझबूझ भरी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जहां अन्य देशों में एलपीजी और पेट्रोल की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, वहीं भारत में स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर बनी हुई है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इतनी बड़ी जिम्मेदारियों के बावजूद राजनाथ सिंह का लखनऊ के वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ाव प्रेरणादायक है।
वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने विचार रखे। राकेश चेटली ने शहर के पार्कों में लगाए गए ओपन जिम की सराहना की, जबकि पंडित अरविंद शुक्ल ने लखनऊ के बहुआयामी विकास के लिए आभार जताया। सीमा दुबे, मदन शुक्ला और राजेश वर्मा ने भी संवाद में भाग लेते हुए गोमती नगर स्टेशन, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इसके पहले लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने रक्षामंत्री का अभिनंदन और विधायक ओपी श्रीवास्तव ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा ने भी स्वागत किया। डल अध्यक्ष अभिषेक राय, पार्षद संजय सिंह राठौर, कौशल पांडेय, अरुण राय, अरुण तिवारी, राजेश सिंह ‘गब्बर’, प्रमोद राजन, दीपू जायसवाल, मधुबाला त्रिपाठी और प्रवीण मिश्रा मौजूद रहे।
शहर में बनाएं साहित्य पथ, लगवाएं साहित्यकारों की प्रतिमाएं
अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को ज्ञापन देकर उत्तर प्रदेश साहित्य सभा ने शहर में एक मार्ग को साहित्यपथ घोषित कर उसके किनारे साहित्यकारों की प्रतिमाएं लगाने की मांग की। सभा का तर्क है कि ऐसा करने से साहित्य पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और शहर में साहित्य प्रेमियों का आगमन बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के प्रधान हास्य कवि सर्वेश अस्थाना के नेतृत्व में रविवार को प्रतिनिधिमंडल ने रक्षामंत्री को ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश साहित्य सभा ने रक्षामंत्री को ज्ञापन देकर की मांग
इस ज्ञापन में अस्थाना ने मांग की कि जी-20 रोड या ग्रीन कॉरिडोर के एक हिस्से को साहित्य पथ घोषित कर दोनों ओर कुछ-कुछ दूरी पर प्रदेश के साहित्यकारों की प्रतिमाएं और उनका जीवन परिचय लगाया जाए। इससे नगर में साहित्य प्रेमियों की आवाजाही बढ़ेगी व साहित्यिक पर्यटन की शुरुआत होगी। रक्षामंत्री ने प्रस्ताव को बेहतर बताते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल को जल्दी इस काम को करने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में महेंद्र भीष्म, सुशील चंद श्रीवास्तव, राजीव वत्सल, केवल प्रसाद सत्यम, अरविंद झा और सनातन धर्म परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुधांशु मोहन शामिल रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिला इप्सेफ प्रतिनिधिमंडल
11.jpg)
इप्सेफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी मिश्र, अतुल मिश्रा, सुरेश रावत और संजय शुक्ला ने रविवार को राजनाथ सिंह से मिलकर देशभर के कर्मचारी और शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इसमें आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियां 1 जनवरी 2026 से लागू कर पेंशन में वृद्धि करने, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आउटसोर्स व संविदा कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा, न्यूनतम वेतन और मृतक आश्रित सुविधा लागू करने,शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के समय टीईटी से मुक्त करने, रिक्त पद पर नियुक्ति व पदोन्नति से भरने की मांगें की गई हैं। इसके अलावा इंदिरा नगर स्थित अवध विहार कॉलोनी और हरिहर नगर में कूड़ा उठान व पानी की समस्या के समाधान करने की मांग भी की। इस समस्या का जल्द निस्तारण कराने के लिए रक्षा मंत्री ने महापौर सुषमा खर्कवाल को निर्देश दिए। रक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि वेतन आयोग सहित अन्य मुद्दों पर जल्द समाधान किया जाएगा।
