Bareilly : रीलबाज लड़की की हरकत...ट्रैफिक नियमों की उड़ाईं धज्जियां, काटा गया चालान
बरेली, अमृत विचार। रील बनाने का बढ़ता क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। रेलवे ट्रैक के बाद अब कैंट की सड़कों पर भी नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। बिना हेलमेट तेज रफ्तार बाइक दौड़ाती युवती का वीडियो वायरल हो रहा है। वह एक हाथ से ही बाइक चला रही है।
वीडियो वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस का भी ध्यान गया। ट्रैफिक पुलिस ने बाइक का एक हजार रुपये का ऑन लाइन चालान किया है। इससे पहले गुरुवार को रेलवे ट्रैक पर जान जोखिम में डालकर युवती का डांस का वीडियो वायरल हो रहा था। युवती ने माफी मांगी तो वह पुलिस कार्रवाई से बच सकी। रील बनाने के चक्कर में जिले में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें युवाओं की जान तक जा चुकी है।
बीडीए कॉलोनी के वीडियो भी हो रहे वायरल
बीडीए कॉलोनी कीसड़कों पर बाइक चलाते युवतियों का वीडियो रविवार की शाम वायरल होने लगा। बताया जाता है यहां रोज शाम को इसी तरह से लड़कियां आती हैं और उनके वीडियो बनाए जाते हैं। लड़कियों ने हेलमेट नहीं लगाया है। एक्स पर इसकी शिकायत करके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने कहा कि युवती का वीडियो वायरल हो रहा था। उसमें वह बिना हेलमेट के बाइक चलाते हुए दिख रही है। ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने पर युवती का चालान किया है।
