बाराबंकी में IRGC में खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, डीपीआरओ का वेतन रोका  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें 37 प्राथमिकता वाले बिंदुओं पर विभागों की प्रगति व मार्च माह की रैंकिंग का मूल्यांकन किया गया। 

डीएम ने निर्देश दिए कि कम रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रगति में सुधार करें। सी, डी व ई श्रेणी में शामिल विभागों के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई होगी। पंचायती राज विभाग की गिरती रैंकिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। 

साथ ही अन्य कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों से स्पष्टीकरण मांगा गया। बैठक में जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, फैमिली आईडी, मध्यान्ह भोजन, छात्र उपस्थिति, पर्यटन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण योजना, ग्रामीण अभियंत्रण, सेतु निर्माण, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, दुग्ध विकास, दिव्यांग व वृद्धावस्था पेंशन, युवा स्वरोजगार, महिला एवं बाल विकास व पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 

साथ ही डाटा फीडिंग की शुद्धता, नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध अपडेट पर जोर दिया गया। बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, डीआईओएस, बीएसए व जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार