बाराबंकी न्यूज : संदिग्ध हालात में गर्भवती की मौत, मायके पक्ष का हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मुरारपुर मजरे गोकुला गांव में किराए के मकान में रह रही 30 वर्षीय काजल का शव कमरे के अंदर मिलने से हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, काजल मूल रूप से रजई का पुरवा की रहने वाली थी। कुछ समय पहले वह गांव के ही हेमचंद यादव के साथ घर से चली गई थी। इस मामले में पहले मुकदमा भी दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में काजल के अपने फैसले पर कायम रहने के चलते मामला शांत हो गया था।

इसके बाद दोनों गोकुला गांव में दरियाबाद रोड स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे थे। सोमवार सुबह कमरे के भीतर काजल का शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजनों ने हेमचंद यादव और उसकी मां पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति हेमचंद यादव और उसकी मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार