एलडीए की टीम पर हमला! जुग्गौर में अवैध रो-हाउस तोड़ने पहुंची टीम दौड़ाया, जान बचाकर भागे अधिकारी
लखनऊ, अमृत विचार : चिनहट के जुग्गौर में सोमवार को अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करने गई एलडीए की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। बिल्डर और उसके सहयोगियों ने कार्रवाई का विरोध करके अफसरों और पुलिस से नोकझोंक की। बात नहीं बनी तो काफी संख्या में एकजुट हाेकर टीम पर हमले का प्रयास किया। जेई समेत अन्य कर्मचारियों को दौड़ा लिया। किसी तरह टीम जान बचाकर वहां से भाग आई और कार्रवाई रोकनी पड़ी।
प्रवर्तन जोन-1 अंतर्गत चिनहट के ग्राम जुग्गौर में किसान पथ के पास गौतम सिंह व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करके कालोनी विकसित की जा रही थी। स्थल पर अवैध रूप से 3 रो-हाउस भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा था। निर्माण अवैध होने पर विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये थे। इस क्रम में प्रवर्तन जोन-1 के अवर अभिंयता विपिन बिहारी राय एवं राहुल विश्वकर्मा प्राधिकरण पुलिस के साथ कार्रवाई करने पहुंचे। टीम ने बुलडोजर से प्लाटिंग में सड़क, नाली, भूखंडों के डिमार्केशन के लिए ईंट से की गई चिनाई आदि निर्माण ध्वस्त कर दिया। इसके बाद अवैध रो-हाउस भवनों पर बुलडोजर चलाया तो काफी संख्या में पहुंचे लोगों ने दबाव बनाया। कार्रवाई जारी रखने पर टीम का घेराव करके हमला करने का प्रयास किया। जेई व अन्य कर्मियों को दौड़ा लिया। जिन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। विरोध के चलते ध्वस्तीकरण अभियान रोक दिया गया।
जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि पुनः तिथि निर्धारित करके पुलिस बल के सहयोग से किसान पथ के आसपास वेलनेस सिटी से आच्छादित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सभी अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करेंगे।
सैरपुर और खदरा में तीन अवैध निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि शिव मंगल प्रसाद व अन्य द्वारा सैरपुर में आईआईएम रोड स्थित ग्राम पलहरी में अवैध रूप से दुकानों व भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह रैथा रोड पर आदित्य इंटरप्राइजेज के प्रबंधक द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वहीं, मोहम्मद शाजिद खान व अन्य द्वारा खदरा, फैजुल्लागंज में अवैध रूप से आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन तीनों अवैध निर्माण को सील किए गए।
