Saharanpur Visit : पीएम मोदी कल करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, सीएम योगी ने लिया तैयारियों का जायजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सहारनपुर में दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। सीएम योगी आज दोपहर मुजफ्फरनगर से सहारनपुर पहुंचे। उनका हेलीकाप्टर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे उद्घाटन स्थल मनोहरपुर के पास गणेशपुर में बने हेलीपैड पर उतरा। 

जहां एनएचएआई के अफसरों, कमिश्नर डा. रूपेश कुमार, डीएम मनीष बंसल, राज्यमंत्री जसवंत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने उनकी अगुवानी की। मुख्यमंत्री एक्सप्रेस-वे पर बनाए गए 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कोरीडोर से होते हुए डाट-काली मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल से लेकर प्रधानमंत्री के डाट-काली रूट के मार्ग का निरीक्षण किया। 

प्रधानमंत्री कल प्रातः गणेशपुर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और मुख्यमंत्री को साथ लेकर ऐलीवेटिड रोड पर कार से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए डाट-काली मंदिर पहुंचकर पूजा करेंगे और फिर देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के मनोहरपुर में भाजपा द्वारा आहूत रैली को भी संबोधित करेंगे। 

मुख्यमंत्री निरीक्षण कार्य पूरा करने के बाद आज शाम सहारनपुर सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के साथ मीटिंग की। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में ही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल दोपहर दो बजे गणेशपुर हेलीपैड से सरसावा हवाई अड्डे पहुंचेंगे जहां से वे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। पुलिस प्रशासनिक अफसरों के मुताबिक आज आधी रात से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे यातायात के लिए प्रतिबंधित हो जाएगा। 

देहरादून आने-जाने के लिए रूट डाईवर्जन आज से ही लागू कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल की निगरानी 36 ड्रोन कैमरों के जरिए की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से एसपीजी, पीएसी, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, आरएएफ, होमगार्ड और पीआरटी के जवान तैनात किए गए हैं। ऐलीवेटिड मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

प्रशासन ने प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकाप्टर उतारकर रिहर्सल पूरी की। जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक अभूतपूर्व बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। एक हफ्ते से जिलाधिकारी मनीष बंसल की टीम व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने में जुटी है।

उधर, भाजपा नेताओं में राज्यमंत्री जसवंत सैनी, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, बेहट के पूर्व विधायक नरेश सैनी, साहब सिंह पुंडीर आदि नेताओं ने मुख्यमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए आसपास के गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रधानमंत्री के कल 14 अप्रैल से 212 किलोमीटर लंबे और छह लेन वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर वाहन फर्राटा मारना शुरू कर देंगे।

दिल्ली से देहरादून का सफर अब घटकर आधा रह जाएगा और दिल्ली के यात्री ढाई-पौने तीन घंटे में सुगमता के साथ देहरादून पहुंच जाएंगे और इतनी ही समयावधि में देहरादून से वापसी भी कर सकेंगे। इस एक्सप्रेस-वे को बनने में तीन साल का वक्त लगा है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और पर्यटन को नई उड़ान और रफ्तार मिलेगी।  

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News: खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू, बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; 200 बच्चों की पढ़ाई पर भी मंडराया संकट
कानपुर में लोन डिफॉल्ट पर एक्शन : बैंक ने लगाया लैदर फैक्ट्री पर ताला, बकाया न चुकाने पर लिया कब्जा
Barabanki News: श्रावण से पहले शिव मंदिरों की विद्युत सुरक्षा दुरुस्त करने के निर्देश, डीएम बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी
NEET विवाद: सरकार-CJP वार्ता के बाद बढ़ी उम्मीदें, सरकार ने मानी 3 में से 2 मांगे; क्या होगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा?
Gonda News:चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म