13 साल की उम्र में लेदर बॉल भी नहीं जानते थे, आज प्लेयर ऑफ द मैच बन गए, जानें प्रफुल हिंगे की पूरी कहानी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

हैदराबादः आईपीएल 2026 में सोमवार को सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए अपने आईपीएल डेब्यू पर धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले विदर्भ के तेज गेंदबाज प्रफ़ुल हिंगे ने कहा कि उन्होंने पिछले साल ही यह सोच लिया था कि जब वह डेब्यू करेंगे तो चार या पांच विकेट लेंगे। हिंगे ने बताया कि उन्होंने पहले ही कुछ लोगों से यह भी कहा था कि वह पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेंगे। मैच के बाद प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवॉर्ड लेने के बाद हिंगे ने कहा, "पिछले साल मैंने कहीं पर लिखा था कि जब मैं डेब्यू करूंगा तो चार या पांच विकेट लूंगा। मैं पावरप्ले में जितना संभव हो हावी होना चाहता था। मुझे औरों का नहीं पता लेकिन मुझे इसमें (मैनिफ़ेस्टेशन) विश्वास है।" 

कप्तान इशान किशन ने पहला ओवर हिंगे को ही थमाया था और उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर सूर्यवंशी को आउट कर दिया। सूर्यवंशी की यह पहली गेंद थी और वह लेग साइड में खेलने गए लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर कीपर के पास चली गई। हिंगे ने सूर्यवंशी के अलावा अपने पहले ही ओवर में ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस का विकेट भी लिया लेकिन उनका सबसे पसंदीदा विकेट सूर्यवंशी का विकेट था। 
हिंगे ने कहा, "सूर्यवंशी का विकेट सबसे बढ़िया था क्योंकि वह फ़ॉर्म में थे। मैंने पहले ही कुछ लोगों से कह रखा था कि मैं उसे पहली ही गेंद पर आउट करूंगा, या तो बाउंसर डालूंगा या किसी और तरह से उसे आउट करूंगा। मैं पहली ही गेंद पर उसका विकेट लेना चाहता था। यही योजना थी और हमारे गेंदबाज़ी कोच वरुण (आरोन) भाई ने मेरी काफ़ी मदद की। मैं हर किसी का शुक्रगुज़ार हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया।" हिंगे ने अपनी क्रिकेट की यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था तब उन्हें यह भी पता नहीं था कि लेदर बॉल किसे कहते हैं। 
हिंगे ने कहा, "मैंने 13 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब मैं यह भी नहीं जानता था कि लेदर बॉल क्या होती है। मैंने अपने पिता से कहा था कि मैं क्लब से जुड़ना चाहता हूं लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि मैं अभी काफ़ी छोटा हूं। लेकिन कैसे भी फिर चीज़ें वहां से शुरू हुईं और मैं लगातार खेलता रहा। यहां पर खड़ा होना एक सुखद एहसास है, मैं इस अवॉर्ड को अपने परिवार को समर्पित करना चाहता हूं।" 

हिंगे के साथ ही एक अन्य तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने भी धमाकेदार डेब्यू किया और उन्होंने भी चार विकेट हासिल किए। दूसरे ओवर में ही उन्होंने यशस्वी जायसवाल का विकेट निकाला था और फिर उन्होंने आरआर की ओर से एकमात्र अर्धशतक जड़ने वाले डॉनोवन फ़रेरा का भी विकेट निकाला। साकिब ने अपने इस प्रदर्शन का श्रेय आरोन को दिया। 

साकिब ने कहा, "हर एक ख़िलाड़ी की ख़्वाहिश होती है कि उसका डेब्यू इस तरह से हो। जब मुझे पता चला कि मैं डेब्यू कर रहा हूं तो फिर काफ़ी अच्छा लगा। गेंदबाज़ी कोच ने एक दिन पहले ही मुझे बता दिया था कि मैं खेलने वाला हूं, तो मैं उसके लिए तैयार था। गेंदबाज़ी कोच वरुण आरोन मेरे साथ पिछले तीन-चार मैच से काम कर रहे थे। मेरी गेंदबाज़ी में सुधार उनकी वजह से हुआ है।" 

संबंधित समाचार