धर्म आधारित आरक्षण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर साधा निशाना, बोले पंकज चौधरी- आधी आबादी को मिलेगा सशक्त प्रतिनिधित्व
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में प्रस्तुत महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक न केवल महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी भी देगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यह विधेयक उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और अधिकार प्रदान करने के संकल्प को दर्शाता है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग आरक्षण संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता। उन्होंने इसे विभाजनकारी राजनीति करार देते हुए कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य करती है, जहां सभी को समान अवसर देने की प्रतिबद्धता है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करें और इसे राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में स्वीकार करें।
