बाराबंकी : 22 मई से हाउस लिस्टिंग कार्य, पहली बार स्वगणना की सुविधा, डिजिटल तकनीक से पारदर्शी व त्रुटिरहित जनगणना का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एडीएम ने किया प्रशिक्षण स्थलों का औचक निरीक्षण

बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद में प्रस्तावित जनगणना के लिए प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी  व जिला जनगणना अधिकारी निरंकार सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति, तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने और सभी बिंदुओं को समझकर ही फील्ड में कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न हो सके। जनगणना के प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें सभी आवासीय और गैर-आवासीय भवनों का विवरण एकत्र किया जाएगा। जिले में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं।

तहसील फतेहपुर में 360 प्रगणक व सुपरवाइजरों को 18 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया गया है, जबकि अन्य तहसीलों और नगर पालिका नवाबगंज में 1487 कर्मियों को 58 ट्रेनर्स प्रशिक्षण दे चुके हैं। प्रशिक्षण में हाउस लिस्टिंग, मोबाइल एप के उपयोग, डेटा एंट्री, सत्यापन और फील्ड की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सभी सत्र स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से संचालित हो रहे हैं, जिनकी निगरानी सहायक निदेशक जनगणना अजय सिंह भारती एवं मास्टर ट्रेनर्स कर रहे हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे डेटा रियल टाइम में उपलब्ध रहेगा और विश्लेषण में आसानी होगी। खास बात यह है कि 7 मई से 21 मई तक नागरिकों को स्वगणना का अवसर भी मिलेगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सहभागी बनेगी।

संबंधित समाचार