कुशीनगर : गन्ना मूल्य भुगतान में लापरवाही पर सख्त डीएम, चीनी मिल को नोटिस
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है और विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार किसान दिवस के दौरान कृषक सुजीत चौरसिया द्वारा की गई शिकायत पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया।
जांच में पाया गया कि वर्तमान पेराई सत्र में कुल 4.97 लाख कुंतल गन्ना आपूर्ति के सापेक्ष 19.358 करोड़ रुपये देय हैं, जबकि अब तक केवल 12.031 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इस प्रकार 7.327 करोड़ रुपये का भुगतान अभी लंबित है। सूत्रों ने बताया कि चीनी मिल 16 मार्च 2026 को ही बंद हो चुकी है, जबकि 2911 किसानों ने गन्ना आपूर्ति की थी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि शीघ्र शत-प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित चीनी मिल के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रशासन उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
