बाराबंकी : सीसीटीवी से होगी पीपा पुल की निगरानी, धूल से बचाव को नियमित पानी का छिड़काव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी व बहराइच से उमड़ा प्रशासनिक अमला

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। संजय सेतु बंद होने से आवागमन का सहारा बने पीपा पुल पर शुक्रवार का नजारा बदला हुआ था। समस्याओं को देखते हुए बाराबंकी से एसपी, एएसपी, एडीएम आदि पीपा पुल की कमियों पर दिशा निर्देश देते दिखे तो बहराइच से भी डीएम, एसपी, एडीएम आदि ने जायजा लिया। आवागमन सुचारु बनाने व सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों के साथ ही प्रकाश व्यवस्था का भी इंतजाम किया जा रहा है।

सरयू नदी पर स्थित संजय सेतु की मरम्मत के चलते बनाए गए वैकल्पिक पीपा पुल की व्यवस्थाओं का शुक्रवार को अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह और पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने पीपा पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और आमजन की सुविधाओं की गहन समीक्षा की। एसपी ने निर्देश दिया कि पीपा पुल की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। धूल की समस्या को गंभीर मानते हुए उन्होंने नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के लिए कहा। साथ ही, रात के समय सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

स्पष्ट कहा गया कि भारी लोडेड वाहनों का पीपा पुल से गुजरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान चौकाघाट और संजय सेतु पर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स का भी जायजा लिया गया। मौके पर निगरानी के लिए ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे। इस अवसर पर तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, कोतवाल अनिल कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार