कानपुर : एएनडी कॉलेज का होगा कायाकल्प, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कानपुर नगर निगम के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय (एएनडी कॉलेज) का निरीक्षण किया और कॉलेज के कायाकल्प के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, कॉलेज की प्राचार्या आरती सक्सेना, सहायक अभियंता प्रोजेक्ट, जोनल अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्राचार्या ने नगर आयुक्त को बताया कि कॉलेज में वर्तमान में 1065 छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां 50 शिक्षिकाएं और एक आउटसोर्स शिक्षिका कार्यरत हैं। मुख्य अभियंता ने बताया कि एएनडी कॉलेज और सर्वोदय नगर स्थित नगर निगम विद्यालय के विकास के लिए मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत आठ करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।

इस योजना के अंतर्गत एएनडी कॉलेज में दो लेक्चर थिएटर, 12 स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी का नवीनीकरण, कंप्यूटर लैब, शुद्ध पेयजल के लिए वॉटर कूलर, फसाड कार्य, मुख्य गेट पर गार्ड रूम, पार्किंग व्यवस्था तथा भवन का रेनोवेशन कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि योजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान कॉलेज के खेल मैदान की बाउंड्रीवाल दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त मिली। प्राचार्या ने बताया कि हाल की आंधी, तूफान और ओलावृष्टि से दीवार टूट गई है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य 20 अप्रैल से पहले पूरा कराया जाए। उन्होंने कॉलेज के ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया।

प्राचार्या ने बताया कि वर्ष 2000 में निर्मित यह ऑडिटोरियम वर्तमान में जर्जर स्थिति में है। सीटें टूट चुकी हैं, बालकनी और फॉल्स सीलिंग क्षतिग्रस्त हैं। इस पर नगर आयुक्त ने ऑडिटोरियम के रेनोवेशन की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार