आईपीएल 2026 : KKR ने गुजरात टाइटंस को दिया 180 रनों का लक्ष्य, कैमरन ग्रीन ने खेली अर्धशतकीय पारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अहमदाबाद। कैमरन ग्रीन (79) रन की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 180 रनों का स्कोर खड़ा किया। आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 32 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये।

कप्तान अजिंक्य रहाणे (शून्य), अंगकृष रघुवंशी (आठ) और टिम साइफर्ट (19) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद रोवमन पॉवेल ने कैमरन ग्रीन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। 11वें ओवर में अशोक शर्मा ने रोवमन पॉवेल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रोवमन पॉवेल ने 20 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 27 बनाये।

इसके बाद अनुकूल रॉय और ग्रीन के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने अनुकूल रॉय (नौ) को आउट किया। इसके बाद गुजरात टाइटंस के गेंदबाज केकेआर के बल्लेबाजों को हावी दिखे। इस दौरान मात्र 19 रन जोड़कर केकेआर ने अपने तीन विकेट गंवा दिये। रमनदीप सिंह ने आठ गेंदों में दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 17 रन बनाये।

हालांकि इस दौरान कैमरन ग्रीन एक छोर थामे रन बनाते रहे। केकेआर ने निर्धारित 20 ओवरों में 180 रन बनाये। राशिद खान ने पारी की आखिरी गेंद पर कैमरन ग्रीन को आउट किया। ग्रीन ने 55 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 79 रनों की पारी खेली। गुजरात टाइटंस के लिए कगिसो रबाड़ा ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा को दो-दो विकेट मिले। प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।  

संबंधित समाचार