UP:बीएसए दफ्तर  से एमडीएम समन्वयक और कम्प्यूटर ऑपरेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सोमवार शाम एंटी करप्शन टीम ने छापा मारकर मिड डे मील योजना के जिला समन्वयक निश्चय सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर अरुण कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। पैना बुजुर्ग क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय की सहायक अध्यापिका रेनू शुक्ला की शिकायत पर बरेली से आई टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने बताया कि सहायक अध्यापिका रेनू शुक्ला ने शिकायत की थी कि 20 अगस्त को उनके विद्यालय में बीईओ विनय कुमार मिश्र निरीक्षण के लिए पहुंचे थे और पूरे स्टाफ को अनुपस्थित कर दिया गया था। इसके बाद उनसे पैसे की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर 12 सितंबर को उनके दो इंक्रीमेंट रोक दिए गए और जनवरी में चयन वेतनमान भी रोक दिया गया। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया।

प्रभारी निरीक्षक टीम के अन्य सदस्यों के साथ योजना के तहत जाल बिछाया। इसी दौरान शाम के समय जिला समन्वयक निश्चय सिंह ने सहायक अध्यापिका से रिश्वत के रुपये लिए, जहां कम्प्यूटर ऑपरेटर अरुण कुमार भी मौजूद था। टीम ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई की जानकारी होते ही बीएसए कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपियों को लेकर सदर बाजार थाने पहुंची, जहां पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को टीम अपने साथ बरेली ले गई।

संबंधित समाचार