Moradabad: बार-बार लोकेशन बदल रहा जज के पिता का हत्यारोपी, गिरफ्तारी बनी चुनौती

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना नागफनी के जिगर कॉलोनी निवासी जज के पिता असद के हत्यारोपी जफर को लेकर पुलिस की जांच लगातार उलझती जा रही है। आरोपी की लोकेशन कभी श्रीनगर तो कभी नेपाल में होने की जानकारी मिल रही है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनती जा रही है।

अपने बहनोई असद का हत्यारोपी जफर और उसके बेटों ने यूपी के सभी मोबाइल सिम बंद कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि वे श्रीनगर और नेपाल से खरीदे गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी सटीक लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। वहीं, पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए उसके रिश्तेदारों और गैर जनपदों में रहने वाले उसके परिचितों से जानकारी जुटाने में लगी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। 

आरोपी के लगातार ठिकाने बदलने और डिजिटल ट्रैकिंग से बचने की कोशिशों ने जांच को और जटिल बना दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, जिससे आरोपी की हर संभावित गतिविधि पर नजर रखी जा सके। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। श्रीनगर उसकी ससुराल में पुलिस टीम दो बार जा चुकी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज