Bengal Elections 2026: बैरकपुर रैली में गरजे पीएम मोदी, कहा- अंग-बंग-कलिंग देश की समृद्धि का आधार, 4 मई के बाद फिर आऊंगा बंगाल
बैरकपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बैरकपुर में 'विजय संकल्प रैली' को संबोधित करते हुए कहा कि जब भारत समृद्ध था, तब अंग, बंग और कलिंग क्षेत्र देश की शक्ति और समृद्धि के मुख्य आधार थे। आज भी इन क्षेत्रों को मजबूत बनाने से ही देश विकसित भारत बन सकता है।पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। यहां के लोग उन्हें परिवार की तरह अपनाते हैं।
उन्होंने घोषणा की, "4 मई को चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा की शपथ ग्रहण समारोह में मैं फिर बंगाल आऊंगा।" प्रधानमंत्री ने बैरकपुर की ऐतिहासिक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि यह जगह 1857 के स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण केंद्र रही है और आज भी परिवर्तन की नई ऊर्जा का स्रोत बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि राजनीति में आने के बाद उन्होंने कभी समय या मौसम नहीं देखा, सिर्फ जनता की सेवा को प्राथमिकता दी।रैली में पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने अपने पुराने नारे "मां-माटी-मानुष" को भुला दिया है। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के राज में "सिंडिकेट की फैक्टरियां" चल रही हैं और यह "महा जंगलराज" है।
मोदी ने जोर देकर कहा कि इस बार का पश्चिम बंगाल चुनाव सिर्फ बंगाल का नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के भविष्य को तय करेगा। उन्होंने कहा, "टीएमसी के पास बंगाल के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। हमें टीएमसी को हराना ही होगा और यहां जनता जनार्दन का राज स्थापित करना होगा।"
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि बंगाल की सेवा करना, उसे चुनौतियों से बचाना और उसे मजबूत बनाना उनका कर्तव्य है। वे इस जिम्मेदारी से कभी पीछे नहीं हटेंगे।उन्होंने याद दिलाया कि यही बंगाल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राजनीतिक नींव वाला क्षेत्र है, जिनकी प्रेरणा से भाजपा आगे बढ़ रही है। अनुच्छेद 370 हटाना भी उन्हीं के एक संकल्प को पूरा करना था।
