Bareilly: 25 तक भीषण गर्मी, 27 को बारिश की संभावना, पारा गिरकर 39 डिग्री पर आया
बरेली, अमृत विचार। सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार को बरेली का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के 40.3 डिग्री के मुकाबले कम रहा। इसके बावजूद, आसमान से बरसती आग और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की तेज गति के कारण वायुमंडलीय विसरण बढ़ा है, जिससे पारे में आंशिक गिरावट तो हुई, लेकिन लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें कम नहीं होने दीं । मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के करीब बना हुआ है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। निचले क्षोभ मंडल में गर्म हवाओं के प्रवाह के कारण आगामी 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे भीषण लू का प्रकोप बढ़ेगा। राहत की उम्मीद 26 अप्रैल से दिखाई दे रही है, जब एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। उन्होंने लोगों से गर्मी और लू से सावधान रहने की अपील की।
