महोबा में रिश्तों का कत्ल : चंद पैसे के लिए 'काल' बन गया परिवार, पत्नी और बेटियों ने प्रेमी संग मिलकर छीन ली पिता की सांसें

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महोबा। उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र मे एक महिला ने अपनी तीन बेटियों, व बेटी के प्रेमी संग मिलकर अपने पति की गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को पांचो हत्यारोपियों को आला कत्ल समेत गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि हेवत पुरा ब्राम्हनान में गत 14 अप्रैल को 38 वर्षीय युवक हर नारायन प्रजापति का शव नाले में पड़ा पाया गया था। 

मृतक के शव पर चोट के निशान पाए जाने पर उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही थी। परिजनों द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर में पैसे के लेनदेन मे गांव के ही एक शिक्षक पर हर नारायन की हत्या का आरोप लगाया जा रहा था। दो दिन पहले घटना के खुलासा किये जाने और आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर झांसी मिर्ज़ापुर राष्ट्रीय राजमार्ग मे जाम भी लगाया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के लिए पुलिस की स्वाट / सर्विलांस टीम और पनवाड़ी पुलिस लगी हुयी थी। सघन जांच के बाद मामले का चौकाने वाला खुलासा हुआ जिसमें हर नारायन के पास मौजूद नकदी के लिए परिजनों द्वारा रिश्तों का कत्ल किये जाने की बात सामने आई। सामने आये तथ्यों के मुताबिक हरनारायन शराब और जुआ खेलने का आदी था। जिसके चलते घर मे रोज कलह होती थीं।

घटना के एक दिन पहले उसने बेटी की शादी के खर्च को जुटाने के लिए 82 हजार 500 रूपये मे दो मवेशी बेंचे थे। इस पैसे के लिए घर मे काफी विवाद हुआ था। लेकिन रुपये न देने से आक्रोशित उसकी पत्नी रामप्यारी बेटियों ज्योति, सोनाली, पूजा ओर ज्योति के प्रेमी जयवीर कुशवाहा ने सोते समय हर नारायण का रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी और घटना छिपाने के लिए शव को नाले मे फेंक दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पनवाड़ी के इस बहुचर्चित हत्याकांड के खुलासे के साथ ही पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

संबंधित समाचार