Moradabad:दिन में सूख रहा गला, रात को सता रही गर्म हवा, लू के थपेड़ों ने किया परेशान
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी का तेवर और तीखा हो गया है। दिन में चिलचिलाती धूप जहां लोगों का गला सुखा रही है, वहीं रात में भी गर्म हवा बेचैन कर रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोपहर के समय शहर की सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा कम ही लोग नजर आए। जरूरी काम से निकलने अधिकांश लोग सिर पर कपड़ा, टोपी या छाता लेकर चलते दिखे। लू के थपेड़ों ने हालात ऐसे कर दिए हैं कि कुछ ही देर धूप में रहने पर गला सूखने लगता है और शरीर में थकान महसूस होने लगती है। प्रमुख बाजारों में भी ग्राहकों की भीड़ कम रही, जिससे व्यापार पर असर पड़ा।
शाम के समय भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ। आमतौर पर रात में तापमान गिरने से कुछ राहत मिलती है, लेकिन इस बार रात में भी गर्म हवा चलने से लोगों को चैन नहीं मिल रहा। घरों में पंखे और कूलर भी पूरी राहत नहीं दे पा रहे हैं। लोग देर रात तक छतों और खुले स्थानों पर टहल कर समय काट रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह के मौसम में विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। शरीर में पानी की कमी से डिहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना बेहद जरूरी है।
लू से बचाव के आसान उपाय
- दोपहर 12 से पांच बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
- पानी, शिकंजी, बेल और नारियल पानी का अधिक सेवन करें।
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
- धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें।
