PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री के दौरे से पहले महा-सफाई अभियान, काशी में 250 टन अतिरिक्त कचरे का निस्तारण

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को देखते हुए नगर निगम शहर को चमकाने में जुटा हुआ है। इस क्रम में सप्ताहव्यापी 'महा-सफाई अभियान' शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री का 28 अप्रैल को काशी दौरा प्रस्तावित है। वे बरेका में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे तथा 100 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री का काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। महासफाई अभियान शुरू होने के बाद कूड़ा उठान में तेजी आई है। पिछले दो दिनों में ही करीब 250 टन अतिरिक्त कचरा उठाया गया है। अब प्रतिदिन 1200 से 1300 टन तक कचरे का निस्तारण किया जा रहा है, जबकि सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 1100 टन कचरा निकलता है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सफाई अभियान के तहत सभी वार्डों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं। कार्यों की सुचारू मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक वार्ड में अधिकारियों को नोडल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सफाई व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सीधे 'सेंट्रल कमांड' के माध्यम से हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी इलाके में गंदगी न छूटे। अभियान के दौरान मुख्य सड़कों के साथ-साथ उपेक्षित पड़े खाली प्लॉटों और सार्वजनिक पार्कों की विशेष सफाई की जा रही है।

नगर निगम की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के आगमन तक शहर का कायाकल्प हो जाए, ताकि काशी आने वाले मेहमानों और स्थानीय निवासियों को एक स्वच्छ व सुंदर परिवेश मिल सके। सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वार्ड स्तर पर कूड़े के ढेरों को पूरी तरह समाप्त कर दें। प्रशासन की इस सक्रियता से शहर में स्वच्छता का सकारात्मक माहौल बन गया है। 

संबंधित समाचार