यूपी पंचायत चुनाव: पांचवीं बार तारीख बढ़ने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 जून को, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किया संशोधित कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। अब यह सूची 10 जून 2026 को जारी की जाएगी। यह पांचवीं बार है, जब सूची के प्रकाशन की तारीख आगे बढ़ाई गई है।

आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार, 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण और डुप्लीकेशन हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून तक मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों का क्रमांकन और फोटो प्रतियां तैयार की जाएंगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 10 जून को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

पहले कई बार बढ़ चुकी है तारीख

गौरतलब है कि प्रारंभिक रूप से मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी को प्रस्तावित था। इसके बाद इसे क्रमशः 6 फरवरी, 28 मार्च, 15 अप्रैल और 22 अप्रैल तक बढ़ाया गया। अब पांचवीं बार तारीख बढ़ाकर 10 जून कर दी गई है।

40 लाख से अधिक बढ़े मतदाता

आयोग की ओर से 23 दिसंबर 2025 को जारी अनंतिम सूची में प्रदेश में कुल 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए थे, जो पिछले चुनाव की तुलना में करीब 40.19 लाख अधिक थे। इस पर प्रदेशभर से दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, जिनकी सुनवाई पूरी कर ली गई है।

अंतिम आंकड़ों का इंतजार

अब शेष तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद ही प्रदेश में मतदाताओं की वास्तविक संख्या और बढ़ोतरी का स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा।

संबंधित समाचार