Bareilly: गलत अंश निर्धारण करने पर राजस्व निरीक्षक सस्पेंड, एसडीएम मल्लिका भी हटाईं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डीएम अविनाश सिंह ने शनिवार को तहसील फरीदपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में गलत अंश निर्धारण की शिकायत मिलने पर बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने संबंधित राजस्व निरीक्षक ताहिर अली को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही एसडीएम मल्लिका नैन को भी फरीदपुर से हटा दिया।

तहसील फरीदपुर के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान खानपुर गांव निवासी शिकायतकर्ता किशन लाल गंगवार ने गलत अंश निर्धारण की शिकायत की, जिस पर डीएम ने राजस्व निरीक्षक को बुलाकर जानकारी की गयी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिस पर डीएम ने उसकी भूमिका संदिग्ध मानते हुए गलत अंश निर्धारण करने पर तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर दिया। 

डीएम ने तहसील दिवस से आने के बाद शाम को पीसीएस मल्लिका नैन को अपर उप जिलाधिकारी सदर पद पर तैनाती करते हुए पीसीएस राम जनम यादव को एसडीएम फरीदपुर बना दिया। राम जनम यादव अभी तक अपर उप जिलाधिकारी सदर का कार्य देख रहे थे। मल्लिका नैन लंबे समय से फरीदपुर एसडीएम पद पर तैनात थीं, पिछले दिनों वकीलों और पेशकार के बीच हुए विवाद में वकीलों ने एसडीएम के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए मल्लिका नैन को हटाने के लिए पोस्टर तक तहसील में चस्पा कर दिए थे। हालांकि, उस विवाद में पेशकार काे मीरगंज भेज दिया था। फरीदपुर तहसील से संबंधित कई अन्य मामले जिलाधिकारी पहुंच रहे थे।

संबंधित समाचार