सिक्किम और यूपी दौरे पर PM मोदी, देंगे हजारों करोड़ की सौगात; वाराणसी में महिला सम्मेलन में होंगे शामिल
लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के पहले दिन वह वाराणसी में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और करीब ₹6350 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हरदोई जाएंगे, जहां वह गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 594 किमी लंबा यह 6-लेन (भविष्य में 8-लेन) एक्सप्रेसवे लगभग ₹36,230 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है।
इसके अलावा आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचेंगे और एक रोड शो करेंगे तथा राज्य की स्थापना की 50 वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोदी यहां 4,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरूआत भी करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि मोदी के दौरे को देखते हुए राज्य की राजधानी और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री की यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, वह अपराह्न करीब तीन बजे गंगटोक पहुंचेंगे और लिबिंग हेलीपैड पर उतरने के तुरंत बाद यहां लोक भवन तक 'रोड शो' करेंगे। प्रधानमंत्री अगले दिन गंगटोक स्थित 'ऑर्किडेरियम' का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री राज्य भर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि आदि से जुड़ी हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
वाराणसी जनसभा को भी संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की शाम आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 1050 करोड़ रुपये से अधिक की 48 पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें वाराणसी-आजमगढ़ सड़क चौड़ीकरण, रेल ओवर ब्रिज और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं। साथ ही ‘जल जीवन मिशन’ की ग्रामीण पेयजल योजनाएं, घाटों का विकास, सारनाथ क्षेत्र में पर्यटन परियोजनाएं और संत रविदास पार्क के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी जनता को समर्पित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री करीब ₹5300 करोड़ की 112 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी भवन, बाल आश्रय गृह और अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाएं शामिल हैं। वह बनास डेयरी से जुड़े किसानों को ₹105 करोड़ से अधिक का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे और बनारस–पुणे व अयोध्या–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
29 अप्रैल को प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हरदोई जाएंगे, जहां वह गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 594 किमी लंबा यह 6-लेन (भविष्य में 8-लेन) एक्सप्रेसवे लगभग ₹36,230 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ेगा और यात्रा समय 10-12 घंटे से घटाकर करीब 6 घंटे कर देगा। साथ ही इसे एक बड़े आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
