Govinda in Vrindavan: बांके बिहारी की शरण में हीरो नंबर वन, संत प्रेमानंद से लिया आशीर्वाद 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मथुरा। बॉलीवुड के 'हीरो नंबर वन' अभिनेता गोविंदा सोमवार को अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंचे। भक्ति के रंग में रंगे गोविंदा ने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया, वहीं पूज्य संत प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। वृंदावन पहुंचते ही गोविंदा सीधे ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। मंदिर के सेवायत पुजारियों ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ उन्हें पूजा-अर्चना कराई। 

दर्शन के बाद गोविंदा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वृंदावन की पावन माटी और बांके बिहारी के चरणों में उन्हें असीम शांति मिलती है। गौरतलब है कि गोविंदा का वृंदावन से गहरा आध्यात्मिक लगाव रहा है और वे अक्सर समय निकालकर यहाँ हाजिरी लगाने आते रहते हैं। 

दर्शन के उपरांत गोविंदा राधा निवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने वर्तमान समय के प्रख्यात संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज से भेंट की। गोविंदा ने महाराज जी के चरणों में बैठकर काफी देर तक आध्यात्मिक चर्चा की और जीवन के मार्गदर्शन के लिए उनका आशीर्वाद लिया। 

सोशल मीडिया पर गोविंदा और महाराज जी की इस मुलाकात की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। जैसे ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को पता चला कि उनके पसंदीदा अभिनेता मंदिर आए हुए हैं, वहां भारी भीड़ जमा हो गई। अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा गया। सुरक्षा कर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

 गोविंदा ने भी हाथ जोड़कर और मुस्कुराते हुए अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। गोविंदा ने कहा कि वृंदावन केवल एक स्थान नहीं, बल्कि साक्षात् प्रेम और भक्ति का स्वरूप है। यहाँ आने के बाद मन पूरी तरह से शांत और प्रभु की भक्ति में लीन हो जाता है।

ये भी पढ़ें :
Pati Patni Aur Woh 2: सारा-आयुष्मान की रोमांटिक केमिस्ट्री ने मचाई धूम, पति पत्नी और वो दो का दूसरा गाना 'दिल वाले चोर' रिलीज़ 

संबंधित समाचार