समोआ में भारतीय वेटलिफ्टर्स ने गाड़े झंडे, राष्ट्रमंडल युवा एवं जूनियर चैंपियनशिप में भारत ने जीते 4 स्वर्ण पदक
दिल्ली। भारतीय भारोत्तोलकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समोआ के अपिया में चल रही राष्ट्रमंडल युवा एवं जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप और संबंधित यूनिवर्सल कप (सीनियर) में प्रतियोगिता के दूसरे दिन चार स्वर्ण पदक जीते।
सुनील सिंह ने 65 किलोग्राम पुरुष वर्ग में कुल 271 किलोग्राम (स्नैच में 126 किलोग्राम और क्लीन एवं जर्क में 145 किलोग्राम) भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ऐसांगफा गोगोई ने 58 किलोग्राम महिला वर्ग में और अभिनव गोगोई ने 71 किलोग्राम पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
ऐसांगफा ने कुल 185 किलोग्राम (स्नैच में 79 किलोग्राम और क्लीन एवं जर्क में 106 किलोग्राम) भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अभिनव ने कुल 284 किलोग्राम (स्नैच में 129 किलोग्राम और क्लीन एवं जर्क में 155 किलोग्राम) भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यूनिवर्सल कप में अरुणाचल प्रदेश के चारू पेसी ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में 289 किलोग्राम (स्नैच में 127 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 162 किलोग्राम) के कुल भार के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) के अध्यक्ष सहदेव यादव ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों, कोच और सहायक कर्मचारियों को बधाई दी। यादव ने अपने बधाई संदेश में कहा, ''ये उपलब्धियाँ हमारे खिलाड़ियों और सहायक टीम की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। भारत वैश्विक भारोत्तोलन मंच पर एक मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है।
ये भी पढ़ें :
भुवी और हेज़लवुड के आगे ढेर हुई दिल्ली ..... बल्लेबाजों को डेल स्टेन की सलाह, 'हार्ड लेंथ' के लिए करें पर्याप्त तैयारी
